Sirmaur News: परचून की दुकान में चल रहा था अवैध शराब का कारोबार, पुलिस ने मारा छापा
गुप्त सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और दुकान पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान 4 लीटर अवैध शराब बरामद होने से इलाके में चर्चा का माहौल बन गया।
पांवटा साहिब (सिरमौर)। सिरमौर जिले के पांवटा साहिब उपमंडल के अंतर्गत पुलिस थाना पुरुवाला की टीम ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति के कब्जे से 4 लीटर नाजायज शराब बरामद की है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 7 जून 2026 को गश्त के दौरान पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली कि अमर सिंह निवासी गांव डांडीवाला, डाकघर राजपुरा, तहसील पांवटा साहिब, सिंघपुरा के समीप मुर्गीदाना फैक्ट्री खोडोवाला खाला के पास स्थित अपनी परचून की दुकान में अवैध शराब रखता है तथा उसकी बिक्री करता है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उक्त स्थान पर दबिश दी। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 4 लीटर नाजायज शराब बरामद की गई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना पुरुवाला में आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है तथा पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि अवैध शराब कहां से लाई गई थी और इसकी बिक्री कब से की जा रही थी। पुलिस अधीक्षक सिरमौर एनएस नेगी ने मामले की पुष्टि की है।
