खेत में मिला युवक का शव, इलाके में मचा हड़कंप
नशे की ओवरडोज से मौत की आशंका, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
ऊना। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के गगरेट क्षेत्र में सोमवार सुबह एक युवक का शव खेत में मिलने से सनसनी फैल गई। होटल के समीप खेत में शव पड़े होने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
घटना की जानकारी मिलते ही गगरेट थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को अपने कब्जे में ले लिया। मृतक की पहचान 26 वर्षीय साहिल धीमान निवासी बनखंडी, जिला कांगड़ा के रूप में हुई है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक कथित तौर पर नशे का आदी था। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि उसकी मौत नशे की ओवरडोज के कारण हुई हो सकती है। हालांकि पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेज दिया है। घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है, जिसके बाद परिवार में शोक का माहौल है।
डीएसपी गगरेट अनिल पटियाल ने बताया कि युवक का शव खेत से बरामद किया गया है। शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है और रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद मामले में आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
