नाहन में सनसनी: आयुर्वेदिक अस्पताल के मुख्य गेट पर फंदे से लटका मिला व्यक्ति, इलाके में मचा हड़कंप
सुबह अस्पताल पहुंचे लोगों की नजर जैसे ही मुख्य गेट पर पड़ी, हर कोई सन्न रह गया।
फंदे से लटका शव देखकर मौके पर अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते लोगों की भीड़ जुट गई।
नाहन (सिरमौर)। नाहन जिला मुख्यालय में सोमवार सुबह एक दर्दनाक और सनसनीखेज घटना सामने आई। शहर के आयुर्वेदिक अस्पताल के मुख्य प्रवेश द्वार पर एक व्यक्ति का शव फंदे से लटका मिलने से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान जगत सिंह निवासी देवना, तहसील श्री रेणुकाजी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार सुबह जब स्थानीय लोग अस्पताल की ओर पहुंचे तो उन्होंने मुख्य गेट पर एक व्यक्ति को फंदे से लटका देखा। इसके बाद तुरंत सदर थाना पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी जीतराम पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को नीचे उतारकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की। मौके से साक्ष्य जुटाए गए हैं तथा आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
बताया जा रहा है कि मृतक नाहन के दिल्ली गेट क्षेत्र में आयुर्वेदिक अस्पताल के समीप सब्जी बेचने का काम करता था और स्थानीय लोगों के बीच अच्छी पहचान रखता था। क्षेत्र में यह भी चर्चा है कि वह पिछले कुछ समय से आर्थिक और मानसिक परेशानियों का सामना कर रहा था। हालांकि इन बातों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, अभी जांच चल रही है।
पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मामला आत्महत्या का है या इसके पीछे कोई अन्य कारण भी हो सकता है। जांच के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन पड़ताल की जा रही है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए डॉ. वाई.एस. परमार मेडिकल कॉलेज नाहन भेजा गया है। पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
