Paonta Sahib News: माजरा थाना क्षेत्र में मारपीट के दो मामले दर्ज, छात्र को जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप
माजरा थाना क्षेत्र में मारपीट और धमकी की घटनाओं ने चिंता बढ़ा दी है। एक मामले में 10-12 लोगों पर हमला करने का आरोप लगा है, जबकि दूसरे मामले में पॉलीटेक्निक कॉलेज के छात्र ने सहपाठियों और अन्य युवकों पर मारपीट व जान से मारने की धमकी देने की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने दोनों मामलों में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पांवटा साहिब (सिरमौर)। माजरा थाना क्षेत्र में मारपीट के दो अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं। पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुट गई है।
पहले मामले में गांव लोहगढ़, डाकघर हरीपुरखोल निवासी शौकत अली पुत्र स्वर्गीय सलामुदीन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 1 जून 2026 को उसके भाई इस्मूदीन और आजिम खान के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था।
आरोप है कि इसके बाद आजिम खान, उसके ससुर अली नवाज निवासी गांव बिजोली, तहसील सढौरा, जिला यमुनानगर (हरियाणा) तथा उनके साथ आई दो महिलाओं और 10-12 अन्य युवकों ने उन पर हमला कर दिया। इस घटना में शौकत अली, उसके भाई इस्मूदीन और इमरान को चोटें आईं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दूसरा मामला धौलाकुआं स्थित राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज से जुड़ा है। बिलासपुर जिले के गांव धाड़त निवासी विशाल कुमार, जो वर्तमान में कॉलेज में अध्ययनरत है, ने शिकायत दर्ज करवाई कि 23 मई 2026 को धौलाकुआं में कुछ छात्रों और अन्य व्यक्तियों ने उसके साथ मारपीट, गाली-गलौच और मानसिक उत्पीड़न किया।
शिकायत में अंकुश, कृष चौधरी, करण, मोहित, आयुष शर्मा और अथर्व समेत अन्य लोगों के नाम शामिल किए गए हैं।
विशाल कुमार का आरोप है कि आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी और चेतावनी दी कि यदि उसने घटना की शिकायत की या उनके खिलाफ कोई कार्रवाई करने का प्रयास किया तो उसे गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। शिकायत के आधार पर माजरा पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक सिरमौर एनएस नेगी ने दोनों मामलों की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपों की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
