Shimla News: नारकंडा दौरे पर मुख्यमंत्री सुक्खू ने की विकास घोषणाओं की झड़ी, नगर पंचायत को 50 लाख रुपये का विशेष अनुदान
नारकंडा को मुख्यमंत्री सुक्खू का बड़ा तोहफा, निर्विरोध चुनी गई नगर पंचायत को मिलेंगे 50 लाख रुपये।
हाटू माता रोपवे, फोरलेन सड़क और पर्यटन विकास को लेकर भी कई अहम घोषणाएं की गईं।
शिमला। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने रविवार को नारकंडा स्थित हाटू माता मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्र के विकास, धार्मिक पर्यटन और सड़क संपर्क सुविधाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश अपनी समृद्ध देव संस्कृति और धार्मिक आस्था के लिए देश-विदेश में विशेष पहचान रखता है। राज्य सरकार धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर रही है, ताकि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
उन्होंने बताया कि ढली-नारकंडा-रामपुर मार्ग को फोरलेन सड़क के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य जारी है और इसका सर्वेक्षण पूरा किया जा चुका है। परियोजना में सुरंग निर्माण को प्राथमिकता दी जाएगी, जिससे भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षित और सुगम यातायात सुनिश्चित किया जा सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हाटू माता रोपवे परियोजना को भी सरकार प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ा रही है। यह परियोजना नाबार्ड के तहत प्रस्तावित है और इसके निर्माण में लगभग तीन से चार वर्ष का समय लग सकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार इस महत्वाकांक्षी परियोजना को साकार करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
सुक्खू ने बताया कि हाटू माता सड़क के सुधार एवं उन्नयन के लिए आवश्यक धनराशि स्वीकृत कर दी गई है। सड़क निर्माण कार्यों के दौरान पर्यावरण संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी और पेड़ों की कटाई को यथासंभव कम रखा जाएगा।
मुख्यमंत्री ने नारकंडा नगर पंचायत के निर्विरोध निर्वाचन की सराहना करते हुए नगर पंचायत को 50 लाख रुपये की विशेष अनुदान राशि देने की घोषणा की। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक परंपराओं और आपसी सौहार्द का सकारात्मक उदाहरण बताया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने नारकंडा में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। कार्यक्रम में नवनिर्वाचित पंचायती राज प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को सम्मानित किया। इस अवसर पर विधायक कुलदीप राठौर, विधायक कमलेश ठाकुर, वन विकास निगम के उपाध्यक्ष केहर सिंह खाची, राज्य सहकारी बैंक के अध्यक्ष देवेन्द्र श्याम, उपायुक्त अनुपम कश्यप, पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
