गोहर में कॉलेज छात्र का शव कमरे में मिला, ओवरडोज से मौत की आशंका
गोहर में किराये के कमरे से कॉलेज छात्र का शव मिलने से सनसनी फैल गई।
कमरे से सिरिंज और नशीली दवाएं मिलने के बाद पुलिस नशे की ओवरडोज के एंगल से जांच में जुट गई है।
मंडी। जिला मंडी के गोहर उपमंडल के गणई गांव में किराये के कमरे में रह रहे एक कॉलेज छात्र का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। कमरे से सिरिंज और कुछ नशीली दवाएं बरामद होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर नशे की ओवरडोज से मौत होने की आशंका जताई जा रही है।
मृतक की पहचान 25 वर्षीय देवन ठाकुर निवासी पालमपुर के रूप में हुई है। वह गोहर स्थित वानिकी महाविद्यालय में अंतिम वर्ष का छात्र था और पढ़ाई के दौरान गणई गांव में किराये के कमरे में रह रहा था। बताया जा रहा है कि देवन अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी असमय मौत की खबर से परिवार गहरे सदमे में है, वहीं क्षेत्र में भी शोक का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह देवन की माता ने मकान मालिक को फोन कर बताया कि उनका बेटा लगातार फोन नहीं उठा रहा है। इसके बाद उन्होंने मकान मालिक से कमरे में जाकर हालचाल जानने का अनुरोध किया। जब मकान मालिक कमरे पर पहुंचे और दरवाजा खटखटाया तो भीतर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। बाद में दरवाजे को धक्का देने पर वह खुल गया। अंदर जाकर देखा तो देवन कमरे में मृत अवस्था में पड़ा हुआ था।
घटना की सूचना मिलते ही गोहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस अधीक्षक मंडी, विनोद कुमार ने भी फोरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस को कमरे से सिरिंज और कुछ नशीले पदार्थ मिले हैं, जिन्हें जांच के लिए कब्जे में ले लिया गया है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि शुरुआती जांच में नशे की ओवरडोज की संभावना सामने आ रही है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही चल सकेगा। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।
