कालाअंब में वर्षाशालिका पर अवैध कब्जा, यात्रियों के लिए बनी शरणस्थली में चल रहा ढाबा
कालाअंब (सिरमौर)। औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में कालाअंब–पांवटा साहिब राष्ट्रीय राजमार्ग-07 पर स्थित मैनथापल क्षेत्र की एक वर्षाशालिका पर अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। यात्रियों की सुविधा के लिए साडा (SADA) के सहयोग से निर्मित इस वर्षाशालिका में एक व्यक्ति द्वारा ढाबा संचालित किए जाने की शिकायत मिली है।
जानकारी के अनुसार, यात्रियों को धूप और बारिश से बचाव के लिए बनाई गई उक्त वर्षाशालिका पर कब्जा कर उसे ढाबे के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है। इस सरकारी सम्पत्ति पर अवैध कब्जा करने वाले नेपाली मूल के लोग बताये जा रहे हैं।
सूत्रों के मुताबिक संबंधित विभाग की ओर से ढाबा संचालक को वर्षाशालिका तथा उसके सामने किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए एक सप्ताह का समय दिया गया था। हालांकि निर्धारित अवधि समाप्त होने के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाया गया और ढाबा अब भी संचालित हो रहा है।
इस संबंध में टाउन एंड कंट्री प्लानिंग (टीसीपी) विभाग के सदस्य सचिव कर्म चंद नांटा ने बताया कि संबंधित व्यक्ति को वर्षाशालिका और उसके सामने किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए एक सप्ताह का समय दिया गया था। निर्धारित समय सीमा के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया गया है। ऐसे में अब नियमानुसार कार्रवाई करते हुए वर्षाशालिका को खाली करवाया जाएगा और अवैध कब्जा हटाया जाएगा।
स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से सार्वजनिक उपयोग के लिए बनाई गई इस वर्षाशालिका को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की है, ताकि यात्रियों को इसका लाभ मिल सके।
