Table of Contents
कालाअंब के मैनथापल में सड़क पर बह रहा सीवरेज का गंदा पानी, ग्रामीण परेशान
सड़क पर बह रहा सीवरेज का गंदा पानी, दुर्गंध और मच्छरों से बढ़ी ग्रामीणों की चिंता
कालाअंब के मैनथापल में सीवरेज व्यवस्था ठप, लोगों ने विभाग से जल्द समाधान की मांग की
कालाअंब (सिरमौर)। औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब के मैनथापल क्षेत्र में सीवरेज व्यवस्था बाधित होने से गंदा पानी मुख्य मार्ग और आसपास की गलियों में बह रहा है। सीवरेज निकासी प्रभावित होने के कारण ओवरफ्लो हुआ पानी सड़क पर फैल गया है, जिससे ग्रामीणों को रोजमर्रा की आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार जल शक्ति विभाग की सीवरेज योजना के तहत मैनथापल गांव को सीवरेज नेटवर्क से जोड़ा गया था, लेकिन वर्तमान में व्यवस्था सुचारु रूप से काम नहीं कर रही है। इसके चलते सीवरेज का गंदा और बदबूदार पानी गांव की सड़कों पर बह रहा है, जिससे क्षेत्र में दुर्गंध फैल गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि गंदे पानी के कारण मक्खी-मच्छरों की संख्या बढ़ रही है और संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बना हुआ है। लोगों को रोजाना इसी गंदे पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ता है, जिससे परेशानी लगातार बढ़ रही है।
ग्रामीण राजपाल, फकीर चंद, रोहित, महेंद्र सिंह और राहुल ने बताया कि सीवरेज प्रणाली लंबे समय से ठीक ढंग से कार्य नहीं कर रही है। उन्होंने विभाग से समस्या का स्थायी समाधान करने और जल्द प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।
उधर, जल शक्ति विभाग के अधिशाषी अभियंता देवानंद पुंडीर ने बताया कि संबंधित क्षेत्र की सीवरेज योजना को कालाअंब स्थित केआईडीसी के सीईटी प्लांट से जोड़ने का प्रस्ताव था। हालांकि, केआईडीसी की ओर से रखरखाव शुल्क लगाने की शर्त रखी गई थी, जिसे उच्च स्तर पर स्वीकृति नहीं मिल सकी। उन्होंने कहा कि विभाग समस्या के समाधान के लिए आवश्यक प्रयास कर रहा है और जल्द ही उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।
