नाहन: फर्जी पत्रकार बनकर लोगों को धमकाने और 11 हजार रुपये वसूलने के आरोप, मामला दर्ज
बिना अनुमति इंटरव्यू लेने, धमकाने और जबरन रसीद काटने के आरोपों से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नाहन (सिरमौर)। जिला सिरमौर के नाहन क्षेत्र में स्वयं को पत्रकार बताकर लोगों से कथित रूप से जबरन इंटरव्यू लेने और 11 हजार रुपये की रसीद काटकर धन वसूलने के आरोप में पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार अनिल कुमार ठाकुर पुत्र स्वर्गीय शादी राम, निवासी गांव एवं डाकघर पंजाहल, तहसील नाहन ने शिकायत दर्ज करवाई कि 21 मई को कृति भूमि न्यूज चैनल से जुड़े बताए जा रहे सतीश कुमार अपने चालक हरि दत्त शर्मा के साथ कार नंबर HR02BB-0944 में पंजाहल पहुंचे। शिकायतकर्ता का आरोप है कि दोनों ने बिना अनुमति उनका इंटरव्यू लिया तथा डरा धमकाकर 11,000 रुपये की रसीद काटकर राशि वसूल की।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि सतीश कुमार क्षेत्र में पंचायत चुनाव लड़ रहे अन्य उम्मीदवारों के भी बिना सहमति इंटरव्यू लेकर उनसे 11,000 रुपये की रसीद काट रहा था। शिकायत के अनुसार 30 मई को ग्राम पंचायत की प्रधान ललिता देवी का भी बिना अनुमति इंटरव्यू लिया गया और उनसे 11,000 रुपये की रसीद काटी गई।
इसके अतिरिक्त आरोप है कि राजेश कुमार के खेत में चल रहे जेसीबी कार्य की बिना अनुमति वीडियो रिकॉर्डिंग की गई और 11,000 रुपये की रसीद के लिए दबाव बनाया गया। शिकायत के मुताबिक जब प्रधान ललिता देवी ने रिपोर्टिंग संबंधी प्रशासनिक अनुमति और दस्तावेज मांगे तो आरोपी कोई वैध अनुमति प्रस्तुत नहीं कर सका।
शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी के पास हरियाणा का प्रेस रिपोर्टर कार्ड है और वह उसी के आधार पर क्षेत्र में गतिविधियां संचालित कर रहा था।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर थाना सदर नाहन में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 223, 308(2), 329(3) और 351(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है।
पुलिस अधीक्षक सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि मामले में सभी आरोप शिकायत के आधार पर दर्ज किए गए हैं तथा जांच के बाद ही तथ्यों की पुष्टि हो सकेगी।
