Home हादसा चंबा में दर्दनाक हादसा, 500 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, 2 बच्चों समेत 8 पर्यटकों की मौत

चंबा में दर्दनाक हादसा, 500 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, 2 बच्चों समेत 8 पर्यटकों की मौत

by Dainik Janvarta
0 comment

चंबा में दर्दनाक हादसा: 500 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, दो मासूमों समेत 8 पर्यटकों की मौत

हिमाचल के दुर्गम सच दर्रा मार्ग से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है।

घूमने निकले पर्यटकों का सफर मौत में बदल गया, जब उनकी कार सैकड़ों मीटर गहरी खाई में जा गिरी।

चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में एक भीषण सड़क हादसे में दो बच्चों समेत आठ पर्यटकों की मौत हो गई। यह दर्दनाक दुर्घटना चुराह उपमंडल के बैरागढ़-सच दर्रा-किलाड़ मार्ग पर हुई, जहां एक कार करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा शुक्रवार देर रात हुआ माना जा रहा है, लेकिन दुर्गम क्षेत्र और संचार सुविधाओं के अभाव के कारण इसकी जानकारी शनिवार दोपहर बाद सामने आई।

जानकारी के अनुसार बंगलूरू से आया एक परिवार डलहौजी घूमने पहुंचा था और उन्होंने स्थानीय स्तर पर एक टैक्सी वाहन बुक किया था। इसी दौरान डलहौजी में ठहरे एक अन्य पर्यटक परिवार ने भी उसी टैक्सी में सच दर्रा क्षेत्र में बर्फबारी और प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेने का कार्यक्रम बनाया। दोनों परिवार शुक्रवार को टैक्सी चालक के साथ बैरागढ़ से सच पास की ओर रवाना हुए थे।

बताया जा रहा है कि पर्यटक शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे बैरागढ़ से आगे निकले थे। निर्धारित समय बीतने के बाद भी वाहन के वापस न लौटने पर टैक्सी मालिक को चिंता हुई। उसने वाहन की जीपीएस लोकेशन की जांच की, जिसमें कार कालावन क्षेत्र के पास लंबे समय से एक ही स्थान पर स्थिर दिखाई दी। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से तलाश शुरू की गई।

खोजबीन के दौरान आशंका जताई गई कि वाहन गहरी खाई में गिर गया है। बाद में मौके पर पहुंची टीमों ने दुर्घटना की पुष्टि की। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार में दो बच्चों सहित आठ पर्यटक और चालक सवार थे। सभी की मौत होने की सूचना है।

चुराह क्षेत्र के विधायक हंस राज ने बताया कि हादसे के बाद राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया, लेकिन क्षेत्र की अत्यधिक दुर्गमता, खड़ी ढलान और खराब मौसम के कारण शवों को बाहर निकालने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि सच दर्रा क्षेत्र हिमाचल के सबसे चुनौतीपूर्ण मार्गों में गिना जाता है और वहां मोबाइल नेटवर्क भी उपलब्ध नहीं है। ऐसे में बचाव कार्य प्रभावित हुआ। अभियान को रविवार सुबह दोबारा तेज किया जाएगा।

मृतकों में टैक्सी चालक विश्वास निवासी बनीखेत, अरविंद चंद्राकर, उनकी पत्नी प्राची, पुत्र दर्श (8 वर्ष) और अक्षाद (11 वर्ष), पी.जी. कार्तिकेयन, उनकी पत्नी मणिमाला तथा पुत्र नंदन शामिल बताए जा रहे हैं। सभी पर्यटक कर्नाटक से हिमाचल घूमने आए थे।

इस हादसे ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने भी हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है।

You may also like

Leave a Comment

About Us

दैनिक जनवार्ता एक निष्पक्ष और राष्ट्र के प्रति समर्पित वेब न्यूज़ पोर्टल है। हमारा उद्देश्य सच्ची, निर्भीक और संतुलित पत्रकारिता के माध्यम से भारत की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा करना है। हम जाति, धर्म, लिंग, भाषा और संप्रदाय से ऊपर उठकर निष्पक्ष खबरें प्रस्तुत करते हैं। स्वैच्छिक संवाददाताओं की टीम के सहयोग से हम राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानते हुए विश्वसनीय सूचना जन-जन तक पहुँचाने का मिशन चला रहे हैं।

Contact for Design your website - 9318329982
Anshul Gupta
Software Engineer

@2023 – All Right Reserved. Designed and Developed DainikJanvarta

Adblock Detected

Please support us by disabling your AdBlocker extension from your browsers for our website.