सिरमौर की जनता ने लोकतंत्र के महापर्व में दिखाई शानदार भागीदारी!
पंचायती राज चुनाव के अंतिम चरण में 86.25% मतदान, महिलाओं ने पुरुषों से अधिक किया मतदान।
नाहन (सिरमौर)। जिला सिरमौर में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव के तीसरे एवं अंतिम चरण में मतदाताओं ने उत्साहपूर्वक मतदान कर लोकतंत्र के प्रति अपनी आस्था का परिचय दिया। शनिवार को जिले की 89 ग्राम पंचायतों के 515 वार्डों में हुए मतदान में कुल 86.25 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इनमें 86.03 प्रतिशत पुरुष तथा 86.50 प्रतिशत महिला मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने बताया कि अंतिम चरण के चुनाव में कुल 1,16,379 मतदाताओं में से 1,00,381 मतदाताओं ने मतदान किया। उन्होंने कहा कि जिले के विभिन्न विकास खंडों में भी मतदाताओं का उत्साह देखने को मिला।
विकास खंड नाहन की 9 ग्राम पंचायतों में 86.66 प्रतिशत मतदान हुआ, जबकि ददाहू की 8 पंचायतों में सबसे अधिक 87.47 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। कमरऊ के तिलोरधार क्षेत्र की 8 पंचायतों में 86.44 प्रतिशत, पच्छाद की 12 पंचायतों में 85.84 प्रतिशत तथा पांवटा साहिब की 16 पंचायतों में 86.49 प्रतिशत मतदान हुआ।
इसी प्रकार विकास खंड राजगढ़ की 11 पंचायतों में 87.17 प्रतिशत, संगड़ाह की 13 पंचायतों में 84.21 प्रतिशत तथा शिलाई की 12 पंचायतों में 86.30 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। जिले के सभी मतदान केंद्रों पर मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई।
उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने कहा कि मतदान में पहली बार भाग लेने वाले युवा मतदाताओं, वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं, दिव्यांगजन तथा अन्य सभी मतदाताओं ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाई। उन्होंने लोकतंत्र के इस महापर्व में उत्साहपूर्वक भाग लेने और मतदान के प्रति जागरूकता दिखाने के लिए जिले के सभी मतदाताओं का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया।
