आज तय होगी हजारों पंचायतों की नई तस्वीर, 17 लाख मतदाता करेंगे अपने जनप्रतिनिधियों का चयन।
हिमाचल में पंचायती राज चुनाव के अंतिम और सबसे अहम चरण के लिए मतदान की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
शिमला। हिमाचल प्रदेश में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव का तीसरा और अंतिम चरण शनिवार को आयोजित किया जा रहा है। इस चरण में प्रदेश की 1,189 ग्राम पंचायतों में प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्यों के साथ-साथ जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव के लिए मतदान होगा। राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार करीब 17 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर स्थानीय निकायों के प्रतिनिधियों का चुनाव करेंगे।
अंतिम चरण में 6,615 वार्डों के लिए मतदान कराया जाएगा। मतदान प्रक्रिया सुबह 7 बजे शुरू होकर दोपहर 3 बजे तक चलेगी। पंचायत स्तर के चुनाव परिणाम मतदान समाप्त होने के बाद देर शाम तक घोषित किए जाने की संभावना है, जबकि जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए डाले गए मतों की गणना 31 मई को की जाएगी।
चुनाव को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन और पुलिस विभाग को विशेष निर्देश जारी किए गए हैं। मतदान केंद्रों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है तथा संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस गश्त भी बढ़ा दी गई है।
राज्य निर्वाचन आयोग ने चुनाव प्रचार समाप्त होने के बाद प्रत्याशियों को सार्वजनिक स्थलों से पोस्टर, बैनर और अन्य प्रचार सामग्री हटाने के निर्देश दिए हैं। आयोग ने स्पष्ट किया है कि सरकारी भवनों, दीवारों और सार्वजनिक स्थानों पर लगाए गए प्रचार सामग्री को तुरंत हटाया जाए। निर्देशों की अनदेखी करने वाले उम्मीदवारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव सुरजीत ठाकुर ने बताया कि अंतिम चरण के मतदान के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं और निर्वाचन प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है। प्रदेशभर में अब मतदाताओं की नजर मतदान और परिणामों पर टिकी हुई है।
