हैलीपैड के पास खड़ी स्विफ्ट कार से निकली शराब और बीयर की खेप!
शिलाई पुलिस की कार्रवाई में 156 बोतलें बरामद, आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज।
शिलाई (सिरमौर)। जिला सिरमौर के थाना शिलाई पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक स्विफ्ट कार से भारी मात्रा में शराब और बीयर बरामद की है। पुलिस ने मामले में आरोपी के खिलाफ हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 28 मई 2026 को थाना शिलाई प्रभारी अपनी पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त पर थे। इस दौरान रोनहाट हैलीपैड के समीप सड़क किनारे खड़ी एक स्विफ्ट कार (HP34C-5900) की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन से कुल 60 बोतल देसी शराब और 96 बोतल बीयर बरामद की गई।
पुलिस के अनुसार, बरामद शराब में 5 पेटी देसी शराब मार्का “नाटी नंबर-1” की कुल 60 बोतलें शामिल हैं। वहीं 4 पेटी “MEAKINS 10,000” बीयर की 48 बोतलें तथा 4 पेटी “TUBORG Premium Beer” की 48 बोतलें भी बरामद हुई हैं।
मामले में राकेश निवासी गांव रिणोई, डाकघर लोजा मानल, तहसील शिलाई, जिला सिरमौर को आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 39(1)(a) हिमाचल प्रदेश एक्साइज एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
