मोगीनंद पंचायत को मिला नया प्रधान, निखिल पुंडीर ने कड़े मुकाबले में मारी बाजी
कालाअंब (सिरमौर)। नाहन विकास खंड की नवगठित ग्राम पंचायत मोगीनंद के चुनाव में प्रधान पद के लिए निखिल पुंडीर को विजेता घोषित किया गया। इस पंचायत में प्रधान पद के लिए 5 उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे।
बताया जा रहा है कि प्रधान पद के इन पांच उम्मीदवारों में निखिल और राजेश चौहान के बीच कड़ा मुकाबला रहा। निखिल को कुल 623 मत मिले, जबकि राजेश चौहान को 330 मत मिले।
उपप्रधान पद के लिए इस्लाम मोहम्मद को विजयी घोषित किया गया, जबकि कुल 4 उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे। इस्लाम को 656 वोट मिले, जबकि संदीप चौहान को 292 वोट मिले।
वहीं, सात वार्डों वाली ग्राम पंचायत मोगीनंद के 5 वार्डों में सर्वसम्मति से वार्ड सदस्य चुने गए, जबकि वार्ड नंबर एक और तीन में चुनाव के माध्यम से चुने गए। वार्ड नंबर एक में अशरफ और वार्ड तीन में नेहा ने बाजी मारी।
बहरहाल, नवगठित पंचायत मोगीनंद की नई कार्यकारिणी को बधाई देने वालों का सिलसिला जारी है। कहीं जीत की खुशी तो कहीं हार का गम बरकरार है। नई कार्यकारिणी के सामने कई प्रकार की चुनौतियाँ भी आएंगी लेकिन उम्मीद है कि सभी चुनौतियों को पार करते हुए मोगीनंद क्षेत्र का भरपूर विकास होगा।
