सिरमौर में प्रथम चरण में 83.41 प्रतिशत मतदान दर्ज
जिला निर्वाचन अधिकारी प्रियंका वर्मा ने दी जानकारी, सभी केंद्रों पर शांतिपूर्ण रहा मतदान
सिरमौर की जनता ने लोकतंत्र के महापर्व में दिखाया जबरदस्त उत्साह!
पहले चरण के पंचायत चुनाव में 83.41% मतदान ने तोड़े पिछले रिकॉर्ड, महिलाओं और युवाओं ने भी बढ़-चढ़कर निभाई भागीदारी।
नाहन (सिरमौर)। जिला सिरमौर में पंचायती राज संस्थाओं के प्रथम चरण के चुनाव में मतदाताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए लोकतंत्र के इस महापर्व को सफल बनाया। जिले की 94 ग्राम पंचायतों के 588 वार्डों के लिए मंगलवार को हुए मतदान में कुल 83.41 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि कुल 1,32,708 मतदाताओं में से 1,10,695 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इनमें 83.52 प्रतिशत पुरुष मतदाता तथा 83.29 प्रतिशत महिला मतदाताओं ने मतदान किया।
उन्होंने बताया कि विकास खंड नाहन की 10 पंचायतों में 85.03 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ, जबकि विकास खंड ददाहू की 9 पंचायतों में 86.77 प्रतिशत मतदान हुआ। विकास खंड कमरऊ स्थित तिलोरधार की 9 पंचायतों में सबसे अधिक 86.80 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
इसके अलावा विकास खंड पच्छाद की 11 पंचायतों में 79.74 प्रतिशत, विकास खंड पांवटा साहिब की 17 पंचायतों में 84.34 प्रतिशत, विकास खंड राजगढ़ की 12 पंचायतों में 81.38 प्रतिशत, विकास खंड संगड़ाह की 13 पंचायतों में 81.90 प्रतिशत तथा विकास खंड शिलाई की 13 पंचायतों में 81.47 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
उपायुक्त ने बताया कि सभी मतदान केंद्रों पर चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। पहली बार मतदान करने वाले युवा मतदाताओं, वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं तथा दिव्यांग मतदाताओं ने भी लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाई।
उन्होंने लोकतंत्र को मजबूत बनाने में योगदान देने वाले सभी मतदाताओं का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया।
