कालाअंब के मतदान केंद्र पर मचा हड़कंप!
संदिग्ध वोटिंग के आरोपों के बाद पुलिस जांच में जुटी, चुनाव प्रक्रिया पर उठे सवाल
कालाअंब (सिरमौर)। हिमाचल प्रदेश में पंचायतीराज चुनाव के प्रथम चरण के दौरान औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब के एक मतदान केंद्र पर कथित संदिग्ध मतदान का मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में माहौल गर्मा गया है। मतदान प्रक्रिया के बीच संदिग्ध तरीके से वोट डाले जाने के आरोपों ने प्रशासन और पुलिस को भी हरकत में ला दिया है।
जानकारी के अनुसार मामला कालाअंब स्थित बूथ नंबर-7 से जुड़ा बताया जा रहा है, जहां जिला परिषद चुनाव के दौरान एक कथित संदिग्ध वोट डाले जाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया। आरोप है कि बिना उचित पहचान सत्यापन के बैलेट पेपर नंबर 4735811 जारी किया गया और उसके आधार पर मतदान भी कर लिया गया।
जिला परिषद प्रत्याशी के पति की ओर से आरोप लगाया गया है कि एक व्यक्ति मतदाता सूची के सीरियल नंबर-212 पर दर्ज 22 वर्षीय मोहम्मद उमर के नाम पर वोट डाल रहा था। आरोप यह भी लगाए गए हैं कि संबंधित व्यक्ति की पहचान का सही तरीके से सत्यापन नहीं किया गया और बिना जरूरी दस्तावेजों की जांच के मतदान की अनुमति दे दी गई।
कांग्रेस नेता विनिश राणा ने मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि प्रजाइडिंग अधिकारी की ओर से बिना पहचान पत्र के बैलेट पेपर जारी किया गया। उन्होंने दावा किया कि बूथ एजेंट ने मौके पर ही इस पर आपत्ति दर्ज करवाई थी, जिसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने भी तुरंत कार्रवाई करते हुए पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी। शुरुआती जांच के आधार पर पुलिस ने डीडीआर दर्ज कर ली है। थाना प्रभारी की ओर से जांच अधिकारी को मौके पर भेजा गया है, जबकि संबंधित प्रजाइडिंग अधिकारी को भी जांच के दायरे में लिया गया है।
उधर, नाहन विधानसभा क्षेत्र के विधायक अजय सोलंकी ने भी मामले का संज्ञान लेते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता बनाए रखना बेहद जरूरी है और किसी भी तरह की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए।
