सिरमौर: 8 साल से फरार उद्घोषित अपराधी ठियोग से गिरफ्तार
8 साल तक पुलिस को चकमा देता रहा उद्घोषित अपराधी आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। सिरमौर पुलिस की पीओ सेल ने शिमला के ठियोग में दबिश देकर चोरी और सेंधमारी के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
नाहन (सिरमौर)। जिला सिरमौर पुलिस की पीओ सेल टीम नाहन ने वर्ष 2018 से फरार चल रहे एक उद्घोषित अपराधी को शिमला जिले के ठियोग क्षेत्र से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी के खिलाफ थाना राजगढ़ में सेंधमारी और चोरी का मामला दर्ज था।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पीओ सेल टीम ने जय प्रकाश पुत्र सुंदर सिंह निवासी गांव धैला दयोठी, डाकघर शरगांव, तहसील राजगढ़, जिला सिरमौर को ठियोग, जिला शिमला से गिरफ्तार किया। आरोपी थाना राजगढ़ में दर्ज अभियोग संख्या 42/18 दिनांक 12 अगस्त 2018 में धारा 457 और 380 आईपीसी के तहत वांछित था।
बताया जा रहा है कि मामला दर्ज होने के बाद से आरोपी लगातार फरार चल रहा था। लंबे समय तक गिरफ्तारी से बचने के चलते अदालत द्वारा उसे उद्घोषित अपराधी घोषित किया गया था।
सिरमौर पुलिस की पीओ सेल टीम लगातार फरार अपराधियों की तलाश में अभियान चला रही है। इसी अभियान के तहत गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने ठियोग में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया।
पुलिस अधीक्षक सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि आरोपी को आगामी कार्रवाई के लिए माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
