आज तय होगी गांव की सरकार, 16 लाख मतदाता करेंगे लोकतंत्र का सबसे बड़ा फैसला!
हिमाचल की 1293 पंचायतों में सुबह 7 बजे से मतदान शुरू, सुरक्षा और निगरानी के पुख्ता इंतजाम
शिमला/नाहन। हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनाव के पहले चरण के लिए मंगलवार को ग्रामीण लोकतंत्र का महापर्व शुरू हो गया है। प्रदेश की 1293 पंचायतों में प्रधान, उपप्रधान, वार्ड सदस्य, पंचायत समिति (बीडीसी) और जिला परिषद सदस्यों के लिए मतदान कराया जा रहा है। पहले चरण में करीब 16 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर गांव की सरकार चुनेंगे। चुनाव मैदान में लगभग 7200 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से मतदान के लिए प्रदेशभर में 16,539 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। इनमें 3554 संवेदनशील और 1585 अतिसंवेदनशील बूथ शामिल हैं। मतदान सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक होगा। चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के लिए 8,198 कर्मचारियों की तैनाती की गई है।
आयोग ने मतदान प्रक्रिया पर कड़ी निगरानी रखने के लिए विशेष प्रबंध किए हैं। मतगणना सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में होगी और मतदान केंद्रों की ऑनलाइन मॉनिटरिंग भी की जाएगी। आयोग के सचिव सुरजीत सिंह राठौर ने बताया कि मतदान केंद्रों के भीतर केवल अधिकृत व्यक्तियों को ही प्रवेश मिलेगा। बिना अनुमति किसी बाहरी व्यक्ति को मतदान केंद्र में जाने की अनुमति नहीं होगी।
प्रत्याशियों और समर्थकों के लिए भी सख्त दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। मतदान केंद्र से 100 मीटर की दूरी के बाहर ही चुनावी शिविर लगाने की अनुमति होगी। मतदान केंद्रों के आसपास भीड़ जुटाने और प्रचार गतिविधियों पर पूरी तरह रोक रहेगी। अधिकारियों को आदर्श आचार संहिता का सख्ती से पालन करवाने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रदेश में इस बार युवा मतदाताओं का उत्साह भी देखने को मिल रहा है। तीनों चरणों में कुल 52,349 नए मतदाता पहली बार मतदान करेंगे। आयोग को उम्मीद है कि इस बार मतदान प्रतिशत वर्ष 2021 के पंचायत चुनावों के रिकॉर्ड 78.70 फीसदी को पार कर सकता है।
गौरतलब है कि हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनाव तीन चरणों में हो रहे हैं। पहले चरण के बाद दूसरे चरण का मतदान 28 मई और तीसरे व अंतिम चरण का मतदान 30 मई को होगा। राज्य की कुल 3754 पंचायतों में 31,182 पदों के लिए चुनाव प्रक्रिया जारी है।
इस बार कई पदों पर प्रत्याशी निर्विरोध भी चुने गए हैं। प्रदेशभर में पंचायत समिति सदस्य के 85, प्रधान के 176, उपप्रधान के 286 और वार्ड सदस्य के 10,307 उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। वहीं 131 पंचायतें ऐसी हैं जहां पूरी पंचायत निर्विरोध चुनी गई है। कुल मिलाकर 10,854 उम्मीदवार बिना मुकाबले जीत चुके हैं।
प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्य पदों के परिणाम मतदान के बाद देर शाम तक घोषित किए जा सकते हैं, जबकि जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों की मतगणना 31 मई को होगी।
