पेट्रोल-डीजल की मार पर नाहन में कांग्रेस का फूटा गुस्सा!”
“डीसी कार्यालय के बाहर जमकर नारेबाजी, केंद्र सरकार को घेरा”
नाहन (सिरमौर)। पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों को लेकर सोमवार को नाहन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। विधायक अजय सोलंकी और कांग्रेस जिला अध्यक्ष आनंद परमार के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। डीसी कार्यालय नाहन के बाहर हुए इस प्रदर्शन में महंगाई और बढ़ती ईंधन कीमतों को लेकर केंद्र सरकार को घेरा गया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि लगातार बढ़ रही पेट्रोल-डीजल की कीमतों ने आम आदमी की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। विधायक अजय सोलंकी ने कहा कि ईंधन के दामों में वृद्धि का सीधा असर परिवहन और रोजमर्रा की जरूरतों की वस्तुओं पर पड़ रहा है, जिससे महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार महंगाई पर नियंत्रण करने में पूरी तरह विफल साबित हुई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि बीते कुछ दिनों में पेट्रोलियम पदार्थों के दामों में कई बार बढ़ोतरी कर जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाला गया है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन के दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाए और आम लोगों को राहत देने की मांग उठाई।
प्रदर्शन के बाद कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त के माध्यम से केंद्र सरकार को ज्ञापन भेजा। ज्ञापन में मांग की गई कि पेट्रोल और डीजल की बढ़ी हुई कीमतों को वापस लिया जाए ताकि आम जनता को राहत मिल सके। कांग्रेस जिला अध्यक्ष आनंद परमार ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
इस दौरान पार्षद राकेश गर्ग, पार्षद कपिल गर्ग, सलीम अहमद, वीरेंद्र पासी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
