
कालाअंब में बिजली कटौती से उद्योग बेहाल, उत्पादन पर पड़ रहा असर
दैनिक जनवार्ता | कालाअंब
औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में लगातार हो रही बिजली कटौती उद्योगों और व्यापारिक गतिविधियों पर भारी पड़ने लगी है। बार-बार बिजली जाने और वोल्टेज में उतार-चढ़ाव के कारण फैक्ट्रियों का उत्पादन प्रभावित हो रहा है, जबकि मशीनरी खराब होने का खतरा भी लगातार बढ़ता जा रहा है। इस समस्या को लेकर अब उद्योग जगत ने खुलकर चिंता जताई है।
लघु उद्योग भारती कालाअंब इकाई ने बिजली व्यवस्था में सुधार की मांग उठाते हुए अधीक्षण अभियंता विद्युत विभाग, नाहन को ज्ञापन सौंपा है। संस्था के अध्यक्ष अखिल महेश्वरी ने कहा कि पिछले कई दिनों से कालाअंब और आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों में अनियमित बिजली आपूर्ति से उद्योगों का कामकाज बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
उन्होंने बताया कि अचानक बिजली कटने से उत्पादन प्रक्रिया बीच में रुक जाती है, जिससे समय और आर्थिक दोनों तरह का नुकसान झेलना पड़ रहा है। वहीं लगातार वोल्टेज फ्लक्चुएशन से मशीनों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के खराब होने का खतरा भी बना हुआ है।
उद्योग प्रतिनिधियों का कहना है कि यदि जल्द बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो इसका असर छोटे और मध्यम उद्योगों की उत्पादन क्षमता पर और अधिक पड़ सकता है। व्यापारिक प्रतिष्ठानों में भी बिजली कटौती के कारण काम प्रभावित हो रहा है, जिससे आम उपभोक्ताओं को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
लघु उद्योग भारती ने विद्युत विभाग से क्षेत्र में नियमित और सुचारू बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि उद्योगों और व्यापारियों को राहत मिल सके। संस्था ने उम्मीद जताई कि विभाग जल्द इस गंभीर समस्या का स्थायी समाधान करेगा।

