रात के अंधेरे में सफेद थैले में क्या छिपाकर ले जा रहा था युवक?

पुलिस ने रोका तो खुला अवैध शराब तस्करी का राज, 24 बोतलें बरामद
नाहन (सिरमौर)। थाना पच्छाद पुलिस ने नाकाबंदी और गश्त के दौरान एक व्यक्ति को 24 बोतल अवैध देसी शराब के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार रात पुलिस टीम कुमारहट्टी-नाहन सड़क पर SDM कार्यालय पच्छाद के समीप गश्त पर मौजूद थी। इसी दौरान सरांहा बस स्टैंड की ओर से एक व्यक्ति सफेद थैला लेकर पैदल आता दिखाई दिया। पुलिस को देखकर वह अचानक पीछे मुड़ गया और तेज कदमों से चलने लगा, जिससे पुलिस को उस पर संदेह हुआ।

पुलिस टीम ने तुरंत उसे रोककर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपना नाम सूरज शर्मा, निवासी भाट का गांव, डाकघर भेलन, तहसील पच्छाद बताया। जब पुलिस ने उसके पास मौजूद थैले की तलाशी ली तो उसमें दो गत्ता पेटियां बरामद हुईं। प्रत्येक पेटी में 12-12 कांच की बोतलें थीं। इस तरह कुल 24 बोतल देसी शराब बरामद की गई।
आरोपी शराब से संबंधित कोई वैध लाइसेंस या परमिट प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने शराब को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 39(1)(a) के तहत मामला दर्ज कर लिया।
पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और यह पता लगाया जा रहा है कि अवैध शराब कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। पुलिस अधीक्षक एनएस नेगी ने मामले की पुष्टि की है।
