
नाकाबंदी देख कार मोड़कर भागने लगा चालक, आम के पेड़ और लोहे के पाइप ने रोकी रफ्तार!
पांवटा साहिब पुलिस ने पीछा कर कार से 264 नशीले कैप्सूल किए बरामद। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस अब पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। जिला सिरमौर के पांवटा साहिब में पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक कार से 264 नशीले कैप्सूल बरामद किए हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी नशीले कैप्सूल कहां से लाया था और इन्हें किसे सप्लाई करने वाला था।
जानकारी के अनुसार थाना पांवटा साहिब की पुलिस टीम भांटावाली रेनबैक्सी चौक से गंगुवाला जाने वाली सड़क पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने कार नंबर HR04B-3205 को रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखकर चालक ने कार को अचानक दाहिनी ओर कच्चे रास्ते में उतारकर भगाने की कोशिश की, लेकिन आगे आम का पेड़ और सड़क किनारे पड़े भारी लोहे के पाइप होने के कारण वह भाग नहीं सका।
इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कार की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार के डैशबोर्ड में रखे एक बैग से स्ट्रिपों में पैक 264 नशीले कैप्सूल बरामद हुए।
पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान बसारत अली पुत्र यामीन मोहम्मद निवासी गांव घुतनपुर, डाकघर बातामंडी, तहसील व थाना पांवटा साहिब, जिला सिरमौर के रूप में बताई। आरोपी की उम्र 41 वर्ष बताई गई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी बरामद नशीले कैप्सूलों से संबंधित कोई लाइसेंस या डॉक्टर का परामर्श पेश नहीं कर सका। जिस पर उसके खिलाफ थाना पांवटा साहिब में धारा 22 और 25 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने आरोपी का 26 मई 2026 तक का पुलिस रिमांड हासिल किया है। मामले में आगे की जांच जारी है और पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी यह नशीले कैप्सूल कहां से लाया था तथा किन लोगों को सप्लाई करने वाला था, ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।
