रात के अंधेरे में अचानक पीछे लुढ़कने लगा ट्राला… कुछ सेकेंड में चालक ने लिया ऐसा फैसला, जिससे बच गई जान।
नाहन-पांवटा हाईवे पर एक और बड़ा हादसा होते-होते टला, ट्राला गहरी खाई में जा गिरा।
नाहन (सिरमौर)। पांवटा साहिब-कालाअंब नेशनल हाईवे पर भारी वाहनों के हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। बुधवार देर रात नाहन के समीप गोशाला क्षेत्र में एक ट्राला अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। राहत की बात यह रही कि चालक और क्लीनर दोनों सुरक्षित बच गए। हादसे के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्राला कालाअंब की ओर से पांवटा साहिब जा रहा था। बताया जा रहा है कि वाहन में फैक्टरी का रॉ मैटिरियल लदा हुआ था। जैसे ही ट्राला गोशाला के पास चढ़ाई वाले हिस्से में पहुंचा तो अधिक भार होने के कारण वाहन अचानक रुक गया। चालक ने स्थिति को संभालने के लिए क्लीनर को तुरंत नीचे उतरकर टायरों के पीछे पत्थर लगाने को कहा, ताकि ट्राला पीछे न सरके।
ये भी पढ़ें
इसी दौरान अंधेरा अधिक होने के कारण क्लीनर को आसपास पत्थर नहीं मिल पाए। कुछ ही क्षणों में ट्राले की ब्रेक ने जवाब दे दिया और भारी वाहन तेजी से पीछे की ओर लुढ़कने लगा। चालक ने काफी देर तक ट्राले को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन जब उसे बड़ा हादसा होने की आशंका हुई तो उसने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते ट्राले से छलांग लगा दी। चालक के कूदते ही ट्राला अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरी खाई में जा गिरा।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वाहन पांवटा साहिब की ओर जा रहा था। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच जारी है।
