पांवटा साहिब में तेज रफ्तार ट्राले ने मारी स्कूटी को टक्कर, एक व्यक्ति घायल
हादसे के बाद चालक ट्राला लेकर मौके से फरार, CCTV से हुआ वाहन नंबर का खुलासा
पांवटा साहिब (सिरमौर)। उपमंडल पांवटा साहिब में एक सड़क हादसे में स्कूटी सवार व्यक्ति घायल हो गया। हादसे के बाद ट्राला चालक मौके से फरार हो गया, हालांकि आसपास लगे CCTV कैमरों की मदद से पुलिस ने आरोपी वाहन की पहचान कर ली है।
मिली जानकारी के अनुसार राहुल शर्मा निवासी गांव बाग हावड़ा, तहसील कमरऊ, जिला सिरमौर ने पुलिस थाना पांवटा साहिब में शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायतकर्ता ने बताया कि 19 मई 2026 को वह अपने पेट्रोल पंप से कमरे की ओर जा रहा था।
जब वह साहिबजादा अजीत सिंह चौक के पास भूपपुर क्षेत्र में पहुंचा तो उसने देखा कि रैनबैक्सी चौक की तरफ से पांवटा साहिब की ओर जा रहा एक ट्राला चौक क्रॉस करते समय अपने आगे चल रही स्कूटी को ओवरटेक करने के दौरान टक्कर मारकर फरार हो गया।
हादसे के बाद जब शिकायतकर्ता ने स्कूटी चालक को देखा तो वह उसके पेट्रोल पंप पर कार्यरत कैशियर योगराज वालिया निकले। घायल की स्कूटी का नंबर HP17C-2156 बताया गया है।
इसके बाद मौके के CCTV फुटेज खंगालने पर ट्राले का नंबर HR38AJ-8419 सामने आया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ थाना पांवटा साहिब में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
एसपी एनएस नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी वाहन चालक को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।
