“10वीं के छात्रों के लिए बड़ा अपडेट!”
अब दूसरी परीक्षा में बैठने के लिए पूरी नहीं, सिर्फ इतनी योग्यता जरूरी… हिमाचल स्कूल शिक्षा बोर्ड ने जारी किए नए नियम।
कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने ड्यूल परीक्षा प्रणाली के तहत होने वाली 10वीं कक्षा की दूसरी परीक्षा को लेकर नई पात्रता शर्तें तय कर दी हैं। बोर्ड द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, मई के अंत और जून में आयोजित होने वाली इस परीक्षा में वही विद्यार्थी शामिल हो सकेंगे, जिन्होंने पांच अनिवार्य विषयों में से कम से कम तीन विषयों में सफलता प्राप्त की हो।
बोर्ड के अनुसार अंग्रेजी, हिंदी, गणित, विज्ञान और सामाजिक विज्ञान को अनिवार्य विषय माना गया है। यदि कोई विद्यार्थी इनमें से तीन विषयों में पास है, तो उसे आवश्यक सुधार श्रेणी के तहत दूसरी परीक्षा देने का मौका मिलेगा। दूसरी परीक्षा में यदि छात्र बाकी दोनों विषयों में भी उत्तीर्ण हो जाता है, तो उसे पूर्ण रूप से पास घोषित कर दिया जाएगा।
वहीं, यदि विद्यार्थी दूसरी परीक्षा में केवल एक विषय में ही पास होता है, तो उसे कंपार्टमेंट श्रेणी में रखा जाएगा। जबकि दोनों विषयों में असफल रहने वाले छात्रों को अनिवार्य पुनरावृत्ति श्रेणी में शामिल किया जाएगा।
बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया है कि आवश्यक सुधार श्रेणी वाले विद्यार्थी पहले से पास किए गए तीन विषयों में से किसी एक विषय में अंक सुधार के लिए भी परीक्षा दे सकेंगे। इसके अलावा, जिन विद्यार्थियों ने सभी अनिवार्य विषय पास कर लिए हैं लेकिन अपने अंक बेहतर करना चाहते हैं, उन्हें वैकल्पिक सुधार श्रेणी के तहत अधिकतम तीन विषयों में सुधार परीक्षा देने की अनुमति दी जाएगी।
बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि जिन विद्यार्थियों का परिणाम कंपार्टमेंट श्रेणी में आया है, वे भी दूसरी परीक्षा में शामिल होकर अपना परिणाम सुधार सकेंगे।
