पांवटा साहिब में ट्रक से 2 किलो से ज्यादा भुक्की बरामद, आरोपी गिरफ्तार
गुप्त सूचना पर पुलिस ने नए NH पर की कार्रवाई, उत्तराखंड से ला रहा था नशे की खेप
पांवटा साहिब (सिरमौर)। जिला सिरमौर के पांवटा साहिब में पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से 2.034 किलोग्राम भुक्की बरामद की है। मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ NDPS Act के तहत केस दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार पुलिस थाना पांवटा साहिब की टीम बद्रीपुर चौक पर गश्त एवं चेकिंग के दौरान मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि एक व्यक्ति ट्रक नंबर HP17E-7751 में उत्तराखंड की ओर से नए NH के रास्ते भारी मात्रा में भुक्की लेकर आ रहा है। सूचना में आरोपी की पहचान शराफत अली पुत्र नसीरूदीन निवासी गांव टोकियों, डाकघर सैनवाला, तहसील पांवटा साहिब, जिला सिरमौर के रूप में हुई।
सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए ट्रक को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान ट्रक के अंदर से आरोपी शराफत अली के कब्जे से कुल 2.034 किलोग्राम भुक्की बरामद की गई।
पुलिस ने आरोपी को मौके पर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना पांवटा साहिब में NDPS Act के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद नशे की खे किस जगह ले जाई जा रही थी और इसमें अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
