कोलर हमला कांड में बड़ा खुलासा: मुख्य आरोपी रमन सहित 3 आरोपी हरियाणा से गिरफ्तार
तलवार-डंडों से दुकानदार पर जानलेवा हमला करने वाले आरोपियों को सिरमौर पुलिस ने दबोचा, वारदात में इस्तेमाल 2 वाहन भी जब्त
पांवटा साहिब (सिरमौर)। कोलर में दुकानदार पर हुए सनसनीखेज हमले के मामले में सिरमौर पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है।
तलवार और डंडों से हमला कर फरार हुए मुख्य आरोपी रमन सहित तीन आरोपियों को हरियाणा से गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि वारदात में इस्तेमाल दो गाड़ियों को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिला सिरमौर के थाना माजरा क्षेत्र के कोलर में 11 मई 2026 को दुकानदार पर जानलेवा हमला किए जाने के मामले में थाना माजरा में अभियोग दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सिरमौर के निर्देश पर विशेष टीमों का गठन किया गया।
थाना माजरा पुलिस और सिरमौर पुलिस की साइबर टीम ने संयुक्त रूप से तकनीकी विश्लेषण, मोबाइल लोकेशन और गुप्त सूचनाओं के आधार पर हरियाणा में लगातार दबिश दी। सघन कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी रमन सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।
पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई दो गाड़ियों को भी जब्त कर लिया है। बताया जा रहा है कि आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है और मामले में अन्य संलिप्त लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
पुलिस ने शुक्रवार को तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से अदालत ने उन्हें 4 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस मामले के विभिन्न पहलुओं की गहराई से जांच कर रही है। पुलिस अधीक्षक सिरमौर एनएस नेगी ने मामले की पुष्टि की है।
