सिरमौर पंचायत चुनाव: नाम वापसी के बाद तस्वीर साफ, 2047 वार्ड सदस्य उम्मीदवार मैदान में
जिला सिरमौर में पंचायत चुनावों की सियासी सरगर्मी अब चरम पर पहुंच गई है।
नाम वापसी के बाद कई सीटों पर मुकाबला रोचक हो गया है, जबकि कुछ उम्मीदवार निर्विरोध भी चुने गए हैं।
नाहन (सिरमौर)। जिला सिरमौर में पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों को लेकर नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब चुनावी तस्वीर पूरी तरह साफ हो गई है। जिला परिषद, पंचायत समिति, प्रधान, उप-प्रधान और वार्ड सदस्य पदों के लिए चुनाव मैदान में उतरने वाले उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी कर दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जिला परिषद सदस्य पदों के लिए कुल 74 नामांकन पत्र दाखिल किए गए थे। जांच प्रक्रिया के दौरान 72 नामांकन वैध पाए गए। नाम वापसी के बाद अब 53 उम्मीदवार चुनाव मैदान में रह गए हैं।
पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए कुल 474 नामांकन पत्र दाखिल हुए थे। इनमें से जांच के दौरान 6 नामांकन पत्र निरस्त किए गए, जबकि 468 उम्मीदवारों के नामांकन वैध पाए गए। नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब 336 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। कुछ सीटों पर उम्मीदवार निर्विरोध भी चुने गए हैं।
प्रधान पद के लिए कुल 1430 नामांकन पत्र दाखिल किए गए। जांच के दौरान 10 नामांकन पत्र निरस्त हुए, जिसके बाद 1420 उम्मीदवारों के नामांकन वैध पाए गए। नाम वापसी के बाद अब 826 उम्मीदवार चुनावी मैदान में डटे हुए हैं।
उप-प्रधान पद के लिए कुल 1204 नामांकन पत्र दाखिल किए गए थे। इनमें से 5 नामांकन पत्र निरस्त हुए तथा 1199 उम्मीदवारों के नामांकन वैध पाए गए। नाम वापसी के बाद अब 647 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं।
वहीं, वार्ड सदस्य पद के लिए सबसे अधिक 2801 नामांकन पत्र दाखिल किए गए। जांच प्रक्रिया में 26 नामांकन पत्र निरस्त किए गए तथा 2775 उम्मीदवारों के नामांकन वैध पाए गए। नाम वापसी के बाद अब 2047 उम्मीदवार चुनाव मैदान में रह गए हैं।
जिला प्रशासन ने विभिन्न विकास खंडों से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर यह जानकारी जारी की है। प्रशासन का कहना है कि पंचायत चुनावों को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न करवाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
