पांवटा साहिब में चिट्टे पर बड़ा प्रहार: घर से 11.01 ग्राम हेरोइन बरामद, आरोपी गिरफ्तार
पांवटा साहिब (सिरमौर)। डिटेक्शन सैल पांवटा साहिब की टीम ने नशे के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को 11.01 ग्राम हेरोइन/चिट्टा सहित गिरफ्तार किया है।
गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस रेड के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी यह नशे की खेप कहां से लाया था और किन लोगों तक इसकी सप्लाई की जानी थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिला सिरमौर की डिटेक्शन सैल पांवटा साहिब की टीम गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि इन्दरपाल पुत्र मंगत राम, निवासी वार्ड नंबर-10, देवीनगर, पांवटा साहिब, जिला सिरमौर अपने घर में स्मैक/हेरोइन बेचने का धंधा करता है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी के घर पर दबिश दी। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 11.01 ग्राम स्मैक/हेरोइन बरामद की गई। पुलिस ने आरोपी को मौके पर गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के विरुद्ध पुलिस थाना पांवटा साहिब में NDPS Act के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आरोपी का अदालत से पुलिस रिमांड प्राप्त कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि उक्त नशे की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था, ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।
