HP ULB Election 2026: थमा चुनावी शोर, अब जनता करेगी फैसला; 17 मई को ईवीएम पर पड़ेगी वोट की मुहर
शाम 5 बजे के बाद बंद हुआ प्रचार, प्रत्याशी अब केवल डोर-टू-डोर संपर्क कर सकेंगे।
शिमला। हिमाचल प्रदेश में शहरी निकाय चुनावों को लेकर चुनावी माहौल अब पूरी तरह शांत हो गया है। शुक्रवार शाम 5:00 बजे प्रचार अभियान समाप्त होते ही नगर निगम, नगर परिषद और नगर पंचायतों के प्रत्याशियों ने अपनी पूरी ताकत झोंकने के बाद अब जनता के फैसले का इंतजार शुरू कर दिया है। राज्य में 17 मई को सुबह 7:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक मतदान होगा, जहां मतदाता ईवीएम के माध्यम से अपने प्रतिनिधियों का चयन करेंगे।
प्रदेश के चार नगर निगमों सहित कुल 51 शहरी निकायों में चुनाव कराए जा रहे हैं। चुनाव आयोग ने मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष बनाने के लिए 589 मतदान केंद्र स्थापित किए हैं। प्रत्येक केंद्र पर पुलिस और होमगार्ड जवानों की तैनाती की जाएगी। शनिवार को पोलिंग पार्टियों को अंतिम प्रशिक्षण देने के बाद ईवीएम के साथ रवाना किया जाएगा, जबकि 16 मई तक सभी मतदान केंद्र पूरी तरह तैयार कर दिए जाएंगे।
नगर परिषद और नगर पंचायतों के चुनाव परिणाम मतदान वाले दिन शाम तक घोषित किए जाएंगे, जबकि नगर निगम चुनावों के नतीजे 31 मई को सामने आएंगे।
चुनावों में आरक्षण व्यवस्था के तहत अनुसूचित जाति के लिए 89, अनुसूचित जनजाति के लिए 12 और महिलाओं के लिए 195 पद आरक्षित किए गए हैं। प्रदेशभर में कुल 3,60,859 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 1,80,963 पुरुष और 1,79,882 महिला मतदाता शामिल हैं, जबकि 14 अन्य मतदाता भी मतदान प्रक्रिया में भाग लेंगे।
जिलावार उम्मीदवारों की बात करें तो कांगड़ा में सबसे अधिक 218 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। इसके बाद मंडी में 180, शिमला में 123, सोलन में 121 और ऊना में 118 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं बिलासपुर में 87, चंबा में 72, हमीरपुर में 44, सिरमौर में 84 और कुल्लू में 100 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
