नाहन में बड़ा सड़क हादसा: तेज रफ्तार ट्रक पलटा, 4 लोग घायल
मालोवाला चौक पर खड़ी बोलेरो पर पलटा ट्रक, गाड़ी के उड़े परखच्चे
नाहन (सिरमौर)। नाहन थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया, जहां तेज रफ्तार ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर बोलेरो गाड़ी पर पलट गया। हादसे में बोलेरो सवार परिवार सहित ट्रक चालक और उसका साथी घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार को अमृत बहादुर, निवासी गांव ओलीवाला गड्डा, तहसील नाहन, जिला सिरमौर ने पुलिस थाना नाहन में मामला दर्ज करवाया कि वह अपनी बोलेरो गाड़ी नंबर HP71-8451 में अपनी बुआ बिमला देवी और भतीजे कार्तिक के साथ शम्भुवाला कोटड़ी की ओर जा रहा था।
जब वे मालोवाला चौक पर पहुंचे, तभी नाहन की तरफ से आ रहा ट्रक नंबर HP72B-1270 तेज रफ्तारी में अनियंत्रित होकर उनकी खड़ी बोलेरो गाड़ी पर पलट गया। ट्रक चालक की पहचान मोहम्मद जगुप पुत्र स्वर्गीय हसनदीन, निवासी गुरेह, तहसील जगराओं, जिला लुधियाना (पंजाब) के रूप में हुई है।
हादसे में बोलेरो गाड़ी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना में अमृत बहादुर, उनकी बुआ बिमला देवी, भतीजा कार्तिक, ट्रक चालक मोहम्मद जगुप और ट्रक में सवार सिकंदर सिंह घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस थाना नाहन ने मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक सिरमौर एनएस नेगी ने हादसे की पुष्टि की है।
