सिरमौर में नशे के खिलाफ बड़ा एक्शन: दो अलग-अलग मामलों में 180 नशीले कैप्सूल बरामद
कालाआम्ब और माजरा में पुलिस की कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार; NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज
नाहन (सिरमौर)। जिला सिरमौर में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में कुल 180 नशीले कैप्सूल बरामद किए हैं। पुलिस की SIU टीम और थाना माजरा पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों मामलों में NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है।
पहले मामले में वीरवार को जिला सिरमौर की SIU टीम ने मोगीनन्द क्षेत्र में गश्त एवं नशा विरोधी अभियान के दौरान गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की। सूचना मिली थी कि अमित कुमार पुत्र रणधीर सिंह निवासी डिंगरवाला, मोगीनन्द काफी समय से कालाआम्ब, मोगीनन्द और सैनवाला क्षेत्र में नशीले कैप्सूल व दवाइयों की सप्लाई कर रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी की मोटरसाइकिल की तलाशी ली। तलाशी के दौरान बाइक के हैंडल में रखी पॉलिथीन से 40 प्रतिबंधित ट्रामडोल कैप्सूल और 50 परेगाबालीन कैप्सूल बरामद किए गए। पुलिस ने आरोपी अमित कुमार को मौके पर गिरफ्तार कर उसके खिलाफ पुलिस थाना कालाआम्ब में NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वहीं, दूसरे मामले में पुलिस थाना माजरा की टीम ने भी बड़ी सफलता हासिल की। पुलिस टीम ने माजरा क्षेत्र में गश्त के दौरान गुप्त सूचना के आधार पर जगतपुर में एक टेम्पो नंबर HP17F-7072 की तलाशी ली। वाहन चालक की पहचान अरशद अली निवासी जगतपुर, डाकघर माजरा, तहसील पांवटा साहिब, जिला सिरमौर के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान पुलिस ने वाहन से 90 नशीले कैप्सूल बरामद किए। पुलिस ने आरोपी अरशद अली को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ पुलिस थाना माजरा में NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। दोनों मामलों में पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है।
