कालाअंब: 10 रुपये लगाओ, 90 रुपये पाओ… सड़क किनारे खुलेआम चल रहा था सट्टे का खेल, पुलिस ने रंगे हाथ दबोचा
कालाअंब-त्रिलोकपुर रोड पर पुलिस की कार्रवाई, सट्टे की पर्चियां और नकदी बरामद
कालाअंब (सिरमौर)। जिला सिरमौर के औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में पुलिस ने दड़ा सट्टा लगवाने वाले एक व्यक्ति को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी सार्वजनिक स्थान पर लोगों को “10 रुपये के 90 रुपये ले जाओ” कहकर सट्टा खेलने के लिए उकसा रहा था। पुलिस ने मौके से सट्टे की पर्चियां और नकद राशि बरामद की है।
जानकारी के अनुसार पुलिस थाना कालाअंब की टीम क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान कालाअंब-त्रिलोकपुर सड़क के दाहिनी ओर एक व्यक्ति संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त दिखाई दिया। पुलिस ने जब मौके पर पहुंचकर जांच की तो पाया कि उक्त व्यक्ति दड़ा सट्टा लगवा रहा था।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से सट्टे की पर्चियां और दड़ा सट्टा की नकद राशि 1150 रुपये बरामद की गई। पुलिस ने तुरंत आरोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ जुआ अधिनियम की धारा 13A के तहत थाना कालाअंब में मामला दर्ज कर लिया।
पुलिस अधीक्षक एनएस नेगी ने बताया कि सार्वजनिक स्थान पर सट्टा खेलना और खिलवाना कानूनन अपराध है। मामले की जांच जारी है।
