Table of Contents
Himachal Panchayat Election 2026: चुनाव ड्यूटी के बावजूद बंद नहीं होंगे स्कूल, हर स्कूल में रहेगा कम से कम एक शिक्षक
पंचायत चुनावों के बीच हिमाचल के स्कूलों में पढ़ाई बंद नहीं होगी।
सरकार ने साफ कर दिया है कि चुनाव ड्यूटी चाहे जितनी हो, कोई भी स्कूल शिक्षकविहीन नहीं छोड़ा जाएगा।
शिमला। हिमाचल प्रदेश में आगामी पंचायत चुनावों के दौरान शिक्षा व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए शिक्षा निदेशालय ने अहम कदम उठाए हैं। पंचायत चुनावों में बड़ी संख्या में शिक्षकों की ड्यूटी लगाए जाने के चलते कई स्कूलों में शिक्षकों की कमी की आशंका को देखते हुए निदेशालय ने सभी प्रधानाचार्यों और मुख्याध्यापकों को विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
निदेशालय के अनुसार 26, 28 और 30 मई 2026 को होने वाले पंचायत चुनावों के दौरान यह सुनिश्चित किया जाएगा कि किसी भी सरकारी स्कूल में पढ़ाई प्रभावित न हो। जिन स्कूलों में केवल एक शिक्षक कार्यरत है या जहां सभी शिक्षकों की चुनाव ड्यूटी लगी है, वहां नजदीकी विद्यालयों से अस्थायी रूप से शिक्षकों की तैनाती की जाएगी।
शिक्षा विभाग ने संबंधित कॉम्प्लेक्स स्कूलों के प्रधानाचार्यों को जिम्मेदारी सौंपी है कि चुनाव अवधि के दौरान प्रत्येक स्कूल में कम से कम एक शिक्षक की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। आवश्यकता पड़ने पर आसपास के स्कूलों से उपयुक्त शिक्षकों को प्रतिनियुक्ति पर भेजा जाएगा, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो।
विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि किसी क्षेत्र में शिक्षकों की उपलब्धता कम होने के कारण व्यवस्था बनाने में परेशानी आती है, तो संबंधित प्रधानाचार्य को तुरंत इसकी लिखित सूचना ब्लॉक विकास कार्यालय या उपमंडलाधिकारी कार्यालय को देनी होगी।
स्कूल शिक्षा निदेशक आशीष कोहली ने निर्देश दिए हैं कि पंचायत चुनावों के दौरान किसी भी परिस्थिति में स्कूल बंद नहीं किए जाएंगे और विद्यार्थियों को किसी तरह की असुविधा नहीं होनी चाहिए। शिक्षा विभाग ने सभी स्कूल प्रमुखों को समय रहते वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है, ताकि चुनाव प्रक्रिया और शिक्षण कार्य दोनों सुचारू रूप से चलते रहें।
