Table of Contents
Himachal Road Accident: शिकारी देवी मंदिर के पास मौत की खाई में गिरी कार, रातभर चला रेस्क्यू; दो युवकों की दर्दनाक मौत
सुनसान पहाड़ी रास्ता, अंधेरी रात और चीखों के बीच जिंदगी की जंग…
अगर एक घायल युवक हिम्मत कर सड़क तक न पहुंचता, तो शायद घंटों तक किसी को हादसे का पता भी नहीं चलता
मंडी। मंडी जिले के प्रसिद्ध शक्तिपीठ माता शिकारी देवी मंदिर के पास बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब एक ऑल्टो कार (HP 87-2981) अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। यह क्षेत्र समुद्र तल से करीब 11 हजार फीट की ऊंचाई पर स्थित है और रात के समय यहां सन्नाटा पसरा रहता है।
बताया जा रहा है कि हादसे के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और आसपास कोई मौजूद नहीं था। इसी बीच घायलों में से एक युवक ने हिम्मत दिखाई और किसी तरह खाई से निकलकर सड़क तक पहुंचा। वहां टेंट लगाकर रह रहे लोगों को उसने हादसे की जानकारी दी और मदद मांगी। सूचना मिलते ही देर रात करीब एक बजे जंजैहली पुलिस थाना की टीम मौके पर पहुंची।
Also Read
👉 Mandi Accident: स्कूल से 400 मीटर पहले 11वीं की छात्रा की दर्दनाक मौत, सहेलियां फूट-फूट कर रोईं
पुलिस और स्थानीय लोगों ने अंधेरे व कठिन परिस्थितियों के बीच राहत एवं बचाव कार्य चलाकर सभी घायलों को खाई से बाहर निकाला। हादसे में भूपेंद्र राज और हेत राम निवासी थुनाग की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं योगराज और पूर्णचंद घायल बताए जा रहे हैं, जिनमें एक थुनाग और दूसरा पांगणा क्षेत्र का निवासी है। दोनों घायलों का मेडिकल कॉलेज नेरचौक में उपचार चल रहा है।
हादसा इतना भयावह था कि कार के परखच्चे उड़ गए। घटना के बाद पूरे थुनाग और जंजैहली क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों को फौरी राहत देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
एसपी मंडी विनोद कुमार ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। शवों का पोस्टमार्टम करवाकर उन्हें परिजनों को सौंपा जाएगा।
