Mandi Accident News: स्कूल से महज 400 मीटर पहले बुझ गई 17 साल की छात्रा की जिंदगी, सहेलियों की चीखों से गूंज उठा स्कूल
सुबह स्कूल के लिए निकली 11वीं की छात्रा अनु को क्या पता था कि यह उसका आखिरी सफर साबित होगा। स्कूल पहुंचने से सिर्फ 400 मीटर पहले हुए दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को गम में डुबो दिया। सहपाठियों की आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे, वहीं शिक्षक भी यह मंजर देखकर स्तब्ध रह गए।
मंडी। मंडी जिले के एहजू क्षेत्र में वीरवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 17 वर्षीय स्कूली छात्रा अनु की मौत हो गई। हादसा राजकीय पाठशाला एहजू से करीब 400 मीटर दूर मंडी-पठानकोट हाईवे के पास पेश आया। घटना की सूचना मिलते ही स्कूल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि अनु रोजाना की तरह अपने नाना-नानी के घर मचकेहड़ से पैदल स्कूल जा रही थी। स्कूल अब ज्यादा दूर नहीं था, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। हादसे में गंभीर रूप से घायल अनु को तुरंत बैजनाथ अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही स्कूल के शिक्षक बुद्धि सिंह, रमेश कुमार, नरेंद्र कुमार, प्राध्यापिका मीरा, रूप देवी और विमला मौके पर पहुंचे। अस्पताल में भी शिक्षक छात्रा की मदद के लिए मौजूद रहे, लेकिन कुछ ही देर बाद छात्रा की मौत की खबर ने सभी को तोड़कर रख दिया।
Also Read
👉 सिरमौर: सड़क पार कर रहे व्यक्ति को कुचलकर फरार हुआ डंपर चालक गिरफ्तार
स्कूल की प्रधानाचार्य मंजुला शर्मा ने बताया कि अनु पढ़ाई में बेहद होनहार छात्रा थी और आगे चलकर शिक्षक बनने का सपना देख रही थी। छात्रा की मौत के बाद स्कूल में प्रार्थना सभा स्थगित कर दी गई तथा शिक्षकों और विद्यार्थियों ने दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की। सहपाठी छात्राएं फूट-फूट कर रोती नजर आईं।
वहीं, बेटी की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। अनु पिछले कई वर्षों से अपने नाना-नानी के पास रहकर पढ़ाई कर रही थी। बेटी की मौत के बाद पिता पुनु राम और माता सिमरो देवी बेसुध हो गए। अंतिम संस्कार के दौरान परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। छोटी बहन तबू ने बड़ी बहन को मुखाग्नि देकर सभी की आंखें नम कर दीं।
बैजनाथ के गांव भेठ स्थित मोक्षधाम में अनु को अंतिम विदाई देने के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय लोग पहुंचे। प्रशासन की ओर से एसडीएम मनीश चौधरी और तहसीलदार रजत सेठी ने भी परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।
