कालाअंब – त्रिलोकपुर सम्पर्क सड़क पर टाइल्स लगाने का काम शुरू
परेशान जनता को मिलेगी राहत
कालाअंब (सिरमौर)। औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब के प्रमुख मार्ग कालाअंब – त्रिलोकपुर रोड पर टाइल्स लगाने का काम मंगलवार से शुरू हो गया है। काफ़ी लंबे अंतराल के बाद उक्त सड़क के ज्यादा खराब हिस्से पर टाइल्स लगाने का काम शुरू हुआ है।
लंबे समय से खराब पड़ी इस सड़क के कारण स्थानीय लोगों, उद्योगों में कार्यरत कर्मचारियों और श्रद्धालुओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। अब सड़क के सबसे ज्यादा क्षतिग्रस्त हिस्से के सुधारीकरण का काम शुरू होने से लोगों ने राहत की उम्मीद जताई है।
गत दिनों हुई बरसात में उक्त हिस्से में कीचड़ और जलभराव की समस्या पैदा हो गई थी। बहरहाल, अब कत्था फैक्ट्री के पास सड़क के इस हिस्से का सुधारीकरण किया जा रहा है। विभाग का कहना है कि सड़क के इस हिस्से में इंटरलॉक टाइल्स लगने से टिकाऊ सड़क बनेगी। लोगों ने सड़क के सुधारीकरण के लिए विभाग का आभार व्यक्त किया है।
लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता आलोक जनवेजा ने बताया कि फिलहाल जनता को राहत देने के उद्देश्य से कालाअंब – त्रिलोकपुर सड़क के जोहड़ों के समीप ज्यादा खराब हिस्से पर टाइल्स लगाने का काम किया जा रहा है। सरकार से बजट उपलब्ध होते ही उक्त सड़क का पूरी तरह कायाकल्प हो पाएगा।
