“सड़क पार करने निकले थे इंद्र सिंह… कुछ ही सेकेंड में डंपर ने छीन ली जिंदगी।
हादसे के बाद सतौन में ऐसा गुस्सा फूटा कि लोगों ने नेशनल हाईवे पर ही जाम लगा दिया।”
सतौन में दर्दनाक हादसा: डंपर की चपेट में आने से राहगीर की मौत, गुस्साए ग्रामीणों ने एनएच-707 किया जाम
पांवटा साहिब (सिरमौर)। जिला सिरमौर के उपमंडल पांवटा साहिब के सतौन बस स्टैंड के पास मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा तथा उन्होंने आरोपी चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर एनएच-707 पर चक्का जाम कर दिया।
मृतक की पहचान इंद्र सिंह पुत्र शेर सिंह निवासी गांव मझौली, डाकघर कोड़गा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार इंद्र सिंह सड़क पार कर दुकान से सामान खरीदने जा रहे थे। इसी दौरान दूसरी ओर से तेज रफ्तार में आ रहे डंपर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद वह सड़क पर गिर गए और डंपर उन्हें कुचलता हुआ आगे निकल गया। हादसा इतना भयावह था कि इंद्र सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों ने हादसे को लेकर गहरा रोष जताया।
ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस ने शुरुआत में डंपर को कब्जे में लेने की बात कही थी, लेकिन बाद में वाहन जब्त होने से इनकार कर दिया गया। इसी बात को लेकर लोगों का गुस्सा बढ़ गया और उन्होंने एनएच-707 पर चक्का जाम कर दिया। देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बन गया।
स्थिति बिगड़ती देख पुरुवाला थाना प्रभारी और डीएसपी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। काफी देर तक चली बातचीत के बाद माहौल शांत हुआ।
पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है। फरार चालक और डंपर की तलाश जारी है।
