रात के अंधेरे में दुकान में घुसे नकाबपोश हमलावर, तलवार और डंडों से किया जानलेवा हमला!
काली स्कार्पियो में आए बदमाशों पर पुलिस का शिकंजा कसना शुरू, एक आरोपी गिरफ्तार
पांवटा साहिब (सिरमौर)। पुलिस थाना क्षेत्र माजरा के अंतर्गत गांव कोलर में दुकान में घुसकर हमला करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। वारदात को अंजाम देने जिस काले रंग की स्कार्पियो गाड़ी से हमलावर आए थे, उसे भी बरामद कर लिया गया है। इस मामले में करीब आधा दर्जन लोग नामजद हैं, जिनकी पहचान और तलाश के प्रयास जारी हैं।
जानकारी के मुताबिक सोमवार रात को कोलर में स्थित एक दुकान के अंदर 5 – 6 लोगों ने घुसकर डंडो और तलवार से दुकान मालिक और उसके चचेरे भाई पर जानलेवा हमला किया था। सभी हमलावर एक काले रंग की स्कार्पियो गाड़ी में आए थे और कपड़े से मुंह ढके हुए थे। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी गाड़ी में बैठकर नाहन की ओर फरार हो गए थे।
बहरहाल, पुलिस को इस वारदात में शामिल तीन हमलावरों के नाम दीपक, विक्की और रमन पता चले हैं। इनमें से एक आरोपी दीपक को गिरफ्तार और वारदात में प्रयोग की गई गाड़ी को पुलिस ने बरामद कर लिया है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक सिरमौर एनएस नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि वारदात में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपी भी जल्द गिरफ्तार कर लिए जाएंगे। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि सिरमौर में असमाजिक तत्वों के लिए कोई स्थान नहीं है और सिरमौर पुलिस सख्त कार्रवाई के लिए कृत संकल्प है।
