मोगीनंद में फास्ट फूड रेहड़ी बनी परेशानी का कारण, सड़क घेरने पर पुलिस ने दर्ज किया मामला
रेहड़ी के आसपास लगी भीड़ से यातायात हुआ प्रभावित, राहगीरों और वाहन चालकों को उठानी पड़ी दिक्कत
कालाआंब (सिरमौर)। मोगीनंद-पटवार खाना के पास सड़क किनारे फास्ट फूड की रेहड़ी लगाकर सड़क का बड़ा हिस्सा घेरने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक मामला दर्ज किया है। रेहड़ी के आसपास काफी संख्या में लोग जमा होने से यातायात प्रभावित हो रहा था, जिससे आम जनता और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
जानकारी के अनुसार रविवार को मोगीनंद-पटवार खाना के समीप सड़क के बाईं ओर सोहन लाल, निवासी गांव एवं डाकघर मोगीनंद, तहसील नाहन फास्ट फूड की रेहड़ी लगाकर सामान बेच रहा था। बताया जा रहा है कि रेहड़ी सड़क के काफी हिस्से तक फैली हुई थी और उसके आसपास लोगों की भीड़ लगी हुई थी। इससे सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही थी तथा राहगीरों को निकलने में दिक्कत हो रही थी।
पुलिस ने मौके पर स्थिति का जायजा लेने के बाद पाया कि सड़क पर इस प्रकार रेहड़ी लगाने से सार्वजनिक मार्ग में बाधा उत्पन्न हो रही है और दुर्घटना का भी खतरा बना हुआ है। इसके बाद थाना कालाआंब में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 285 के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधीक्षक सिरमौर एनएस नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि नैशनल हाईवे पर यातायात बाधित करने पर रेहड़ी संचालक पर कार्रवाई की गई है। भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।
