कालाअंब पंचायत से प्रधान पद के लिए 11 उम्मीदवारों ने भरे नामांकन
6 उम्मीदवार उपप्रधान की रेस में शामिल
कालाअंब (सिरमौर)। विकास खंड नाहन की ग्राम पंचायत कालाअंब में नामांकन के अंतिम दिन सोमवार को 14 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किए। इनमें प्रधान पद के लिए 3, उपप्रधान पद के लिए 2 और वार्ड सदस्य के लिए 9 नामांकन शामिल हैं।
जानकारी के मुताबिक नामांकन प्रक्रिया शुरू होने से लेकर नामांकन के अंतिम दिन तक प्रधान पद के लिए कुल 11 उम्मीदवार नामांकन दाखिल कर चुके हैं। वहीं, उपप्रधान के लिए 6 और वार्ड सदस्यों के लिए कुल 21 लोगों ने नामांकन दाखिल किए हैं।
देखना ये होगा कि जीत का सेहरा किसके सिर सजेगा। 9 वार्ड वाली ग्राम पंचायत कालाअंब में इस बार रोचक मुकाबला देखने को मिल सकता है और खास बात ये है कि 11 दावेदारों में कई नए चेहरे भी शामिल हैं।
बहरहाल, नामांकन दाखिल करने के बाद सभी प्रत्याशियों ने जनसंपर्क अभियान शुरू कर दिया है। अभी तक प्रत्याशी केवल सोशल मीडिया पर ही दावेदारी ठोकते और प्रचार करते नजर आ रहे थे।
एआरओ संजीव वर्मा ने बताया कि कालाअंब पंचायत की नामांकन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। प्रधान पद के लिए कुल 11 और उपप्रधान पद के लिए 6 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किये हैं।
