Sirmour News: खेत की जुताई से भड़का विवाद, दो गुटों में खूनी संघर्ष… महिलाओं समेत 15 लोग घायल
पांवटा साहिब के संतोखगढ़ में रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे, पत्थर और धारदार हथियार चलने लगे।
घटना में महिलाओं सहित 15 लोग घायल हो गए, जबकि इलाके में काफी देर तक तनाव का माहौल बना रहा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में लिया।
पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा साहिब उपमंडल के संतोखगढ़ क्षेत्र में रविवार को जमीनी विवाद को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। बताया जा रहा है कि एक पक्ष खेत में ट्रैक्टर से जुताई कर रहा था। इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोग मौके पर पहुंच गए और दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से मारपीट शुरू हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार झड़प के दौरान डंडों, पत्थरों और धारदार हथियारों का इस्तेमाल किया गया। काफी देर तक दोनों पक्षों के बीच संघर्ष चलता रहा, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए और पुलिस को सूचना दी गई।
घटना में एक पक्ष के रमेश, चूड़ा राम, राजेंद्र सिंह, पूर्ण चंद, मनभरी, कांता, शशि देवी, संतोष देवी, संदीप, पवन कुमार और रवि कुमार घायल हुए हैं। वहीं दूसरे पक्ष के अमृतपाल, बलजीत सिंह नागरा, देवेंद्र और मंजीत सिंह सहित अन्य लोग भी घायल बताए जा रहे हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल पांवटा साहिब पहुंचाया गया।
घायलों में सिरमौर ट्रक ऑपरेटर यूनियन के पूर्व अध्यक्ष बलजीत सिंह नागरा का नाम भी शामिल है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी रही।
माजरा थाना पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर क्रॉस मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा था।
एसपी सिरमौर निश्चिंत सिंह नेगी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी और स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया। मामले की जांच की जा रही है।
