HPSCB भर्ती 2026: हिमाचल राज्य सहकारी बैंक में जूनियर क्लर्क के 91 पदों पर निकली भर्ती, आज से आवेदन शुरू
अगर आप बैंकिंग सेक्टर में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे हैं, तो यह मौका आपके लिए बेहद खास हो सकता है। हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक ने जूनियर क्लर्क के 91 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है, जिसके लिए ऑनलाइन आवेदन 10 मई से शुरू हो चुके हैं।
शिमला। हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक (HPSCB) की ओर से जूनियर क्लर्क के कुल 91 पद नियमित आधार पर भरे जाएंगे। यह भर्ती प्राइमरी एग्रीकल्चर क्रेडिट सोसायटी (PACS) और ओसीएस कोटे के तहत की जा रही है। भर्ती प्रक्रिया आईबीपीएस मुंबई के माध्यम से पूरी होगी। इच्छुक अभ्यर्थी 29 मई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
बैंक द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, सबसे अधिक 74 पद पीएसीएस कोटे के तहत भरे जाएंगे। यह कोटा प्रदेश की प्राथमिक कृषि सहकारी समितियों के प्रशिक्षित सचिवों के लिए आरक्षित रखा गया है। इसमें सामान्य वर्ग, ईडब्ल्यूएस, एससी, एसटी और ओबीसी वर्ग के लिए अलग-अलग पद निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा पूर्व सैनिक, आईआरडीपी और स्वतंत्रता सेनानियों के आश्रितों के लिए भी आरक्षण का प्रावधान रखा गया है।
भर्ती में दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए भी विशेष प्रावधान किया गया है। दृष्टिबाधित, श्रवण बाधित और लोकोमोटर डिसेबिलिटी श्रेणियों के लिए कुल तीन पद आरक्षित किए गए हैं।
वहीं, ओसीएस कोटे के तहत भी जूनियर क्लर्क के पद भरे जाएंगे। यह श्रेणी उन सहकारी समितियों और कर्मचारियों के लिए निर्धारित की गई है जो प्रशिक्षित सचिव श्रेणी में शामिल नहीं हैं। इस कोटे में भी सामान्य, ईडब्ल्यूएस, एससी, एसटी और ओबीसी वर्ग के लिए पद तय किए गए हैं।
आवेदन शुल्क की बात करें तो सामान्य और ओबीसी वर्ग के अभ्यर्थियों को 1000 रुपये शुल्क जमा करना होगा। जबकि ईडब्ल्यूएस, एससी, एसटी, आईआरडीपी, बीपीएल, अंत्योदय और हिमाचल प्रदेश की सभी महिला अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 800 रुपये रखा गया है।
बैंक की ओर से बताया गया है कि आवेदन प्रक्रिया समाप्त होने के करीब पांच से छह सप्ताह बाद ऑनलाइन परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा तिथि की सूचना आधिकारिक वेबसाइट पर जारी होगी। अभ्यर्थी परीक्षा से करीब सात दिन पहले अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे। परीक्षा परिणाम लगभग 15 दिन बाद घोषित किए जाने की संभावना है।
