Himachal Weather Alert: हिमाचल में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, अगले 5 दिन बारिश-ओलावृष्टि के आसार
ऑरेंज अलर्ट जारी: तेज हवाओं और भारी ओलावृष्टि को लेकर कई जिलों में चेतावनी, किसानों-बागवानों की बढ़ी चिंता
शिमला। हिमाचल प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। प्रदेश के कई हिस्सों में अगले पांच दिनों तक बारिश, तेज हवाएं और ओलावृष्टि होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने विशेष रूप से कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जिससे किसानों और बागवानों की चिंता बढ़ गई है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 9 और 10 मई को अधिकांश क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है, हालांकि कुछ ऊंचाई वाले इलाकों में हल्के बादल छाए रह सकते हैं। इसके बाद 11 मई से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसके प्रभाव से प्रदेश के कई भागों में बारिश का दौर शुरू होने के आसार हैं।
विभाग के मुताबिक 11 मई को कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि 12 और 13 मई को प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम अधिक खराब रहने की संभावना जताई गई है। इस दौरान कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। साथ ही भारी ओलावृष्टि को लेकर भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
14 और 15 मई को भी प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में मौसम खराब बना रह सकता है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।
उधर, बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई क्षेत्रों में हल्की बारिश दर्ज की गई। सराहन में सबसे अधिक 25.7 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा खदराला में 14.0, रोहड़ू में 10.0, रामपुर में 3.6, चौपाल और चंबा में 2.0, कोटखाई में 1.3, कुफरी में 1.0 और कल्पा में 0.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
