चंबा में शराब पार्टी के बाद खूनी वारदात! युवक की पत्थर मारकर हत्या, शव ढांक में फेंका
रात को दोस्तों संग पार्टी कर घर लौट रहा था युवक, सुबह खून से सना शव मिलने से इलाके में फैली सनसनी
चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिला में एक दिल दहला देने वाली हत्या की वारदात सामने आई है। मामूली कहासुनी ने इतना खौफनाक रूप ले लिया कि एक युवक ने अपने ही साथी की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या कर दी। वारदात को छिपाने के लिए आरोपी ने शव को ढांक में धक्का देकर फेंक दिया, लेकिन पुलिस ने महज आठ घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
घटना विधानसभा क्षेत्र चंबा के तहत लुडेरा-सुंगल मार्ग से जुड़े संपर्क मार्ग कलौता की है। मृतक की पहचान अजय कुमार पुत्र भवन सिंह निवासी गांव सलोडी (झल), डाकघर पलूंही, तहसील व जिला चंबा के रूप में हुई है। शुक्रवार सुबह जब ग्रामीण सैर के लिए निकले तो उन्होंने सड़क किनारे खून के निशान और नीचे ढांक में युवक का शव पड़ा देखा। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और नूरपुर से फोरेंसिक टीम को बुलाया गया। फोरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए। शुरुआती जांच में सामने आया कि गुरुवार रात अजय कुमार अपने दो साथियों पंकज कुमार और अरुण कुमार के साथ पलूंही स्थित एक दुकान पर गया था। वहां तीनों ने नमकीन, अंडे और ठंडा आदि सामान खरीदा और साथ बैठकर पार्टी की।
बताया जा रहा है कि कुछ देर बाद पंकज अपनी बाइक लेकर वहां से चला गया, जबकि अजय और अरुण पैदल घर की ओर निकले। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर बहस हो गई। पुलिस के अनुसार शराब के नशे में गुस्साए अरुण कुमार ने अजय के सिर पर पत्थर से वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने शव को ढांक में फेंक कर घटना को छिपाने की कोशिश की।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर आरोपी अरुण कुमार को हिरासत में लेकर हत्या का मामला दर्ज कर लिया। मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
