बद्दी में नशीली दवाइयों का बड़ा भंडाफोड़, 2.23 लाख गोलियों के साथ दो आरोपी गिरफ्तार
बद्दी में नशे के कारोबार पर अब तक की बड़ी चोट!
पुलिस और ड्रग विभाग की संयुक्त रेड में 2.23 लाख से ज्यादा नशीली गोलियां बरामद होने से हड़कंप मच गया है।
बद्दी (सोलन)। हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बद्दी में पुलिस और ड्रग विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित नशीली दवाइयों का विशाल जखीरा पकड़ा है। सालासर कॉम्प्लेक्स में की गई छापेमारी के दौरान टीम ने कुल 2,23,084 नशीली गोलियां बरामद की हैं, जिनकी अवैध सप्लाई किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
बरामद दवाइयों में ट्रामाडोल हाइड्रोक्लोराइड की 1,61,920 गोलियां और अल्प्राजोलम की 61,164 गोलियां शामिल हैं। कार्रवाई के दौरान मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिव पूजन प्रजापति निवासी उत्तर प्रदेश तथा अनुराग शुक्ला निवासी कानपुर के रूप में हुई है।
Also Read
👉 Sirmaur Drug Bust: कार के डैशबोर्ड में छिपाकर ले जा रहे थे चिट्टा, पुलिस ने दो तस्करों को दबोचा
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी बिना वैध लाइसेंस और परमिट के प्रतिबंधित दवाइयों का अवैध भंडारण और कारोबार कर रहे थे। पुलिस ने बरामद नशीली दवाइयों को कब्जे में लेकर थाना बद्दी में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
छापेमारी के दौरान टीम को भारी मात्रा में अन्य संदिग्ध दवाइयां भी मिली हैं, जिनको लेकर ड्रग विभाग ने ड्रग एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट के तहत अलग से कार्रवाई शुरू कर दी है।
हिमाचल प्रदेश पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी ने कहा कि युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वाले तस्करों और अवैध दवा कारोबारियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
