संगड़ाह में दर्दनाक हादसा: 100 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, युवक की मौके पर मौत
देर रात दोस्त के साथ घर लौट रहे थे दोनों युवक, शालना मोड़ के पास हुआ भीषण एक्सीडेंट
नाहन (सिरमौर)। संगड़ाह उपमंडल में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की जान चली गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा हरिपुरधार-रोनहाट रोड पर शालना मोड़ के पास हुआ, जहां एक ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।
जानकारी के अनुसार, केदार सिंह पुत्र थुम्बड़ू राम निवासी गांव व डाकघर बड़ोल, तहसील संगड़ाह ने थाना संगड़ाह में शिकायत दर्ज करवाई है कि उनकी ऑल्टो कार नंबर HP71A-7649 को 5 मई 2026 की शाम उनका भतीजा विरेन्द्र सिंह पुत्र बहादुर सिंह गांव जामना जाने के लिए लेकर गया था। कार में गांव जामना निवासी जगदीश पुत्र रामसा राम भी सवार था।
बताया गया कि रात करीब 3:30 बजे विरेन्द्र सिंह ने फोन कर सूचना दी कि हरिपुरधार से रोनहाट रोड पर शालना मोड़ से करीब एक किलोमीटर आगे उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। सूचना मिलते ही केदार सिंह अन्य लोगों के साथ मौके पर पहुंचे। वहां देखा कि कार सड़क से लगभग 100 मीटर नीचे खाई में गिरी हुई थी।
हादसे में चालक विरेन्द्र सिंह घायल अवस्था में मिला, जबकि उसके साथ बैठे 26 वर्षीय जगदीश की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसा चालक द्वारा वाहन को तेज रफ्तारी और लापरवाही से चलाने के कारण हुआ। थाना संगड़ाह में इस संबंध में धारा 281, 125A और 106 BNS के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
