
बिजली कटों और तकनीकी दिक्कतों से परेशान उद्योगों को मिल सकती है राहत!
कालाअंब औद्योगिक क्षेत्र की समस्याओं पर HPSEB अधिकारियों और उद्योग प्रतिनिधियों के बीच हुई अहम बैठक।
कालाअंब (सिरमौर)। औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में उद्योगों को आ रही बिजली संबंधी समस्याओं के समाधान को लेकर गुरुवार को लघु उद्योग भारती और हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड (HPSEB) के वरिष्ठ अधिकारियों के बीच एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में उद्योगों की विद्युत आपूर्ति, तकनीकी ढांचे और भविष्य की जरूरतों को लेकर विस्तार से मंथन किया गया।
बैठक में हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड के अध्यक्ष प्रबोध सक्सेना, निदेशक संचालन एमजी शर्मा, मुख्य अभियंता संचालन दक्षिण अनूप राम तथा मुख्य अभियंता ईएस मंदीप सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। वहीं लघु उद्योग भारती कालाअंब के अध्यक्ष अखिल माहेश्वरी के नेतृत्व में उद्योग प्रतिनिधियों ने क्षेत्र के उद्योगों को पेश आ रही विभिन्न समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।
उद्योगपतियों ने बैठक के दौरान बार-बार होने वाले बिजली व्यवधान, बढ़ते औद्योगिक विस्तार के अनुरूप लाइन स्टाफ की कमी, विद्युत दरों से जुड़े मुद्दे और बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर की आवश्यकता जैसे विषय प्रमुखता से उठाए। इस पर बोर्ड अधिकारियों ने समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जल्द समाधान की दिशा में कार्य करने का भरोसा दिया।
बैठक में मोगीनंद क्षेत्र में 132 केवी ट्रांसफार्मर को अपग्रेड करने और खारा-खारी व त्रिलोकपुर रोड क्षेत्र में नया 33 केवी सब-स्टेशन स्थापित करने की संभावनाओं पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र को निर्बाध और बेहतर बिजली सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए बोर्ड लगातार प्रयासरत है।
इस दौरान उद्यमी अजय गर्ग, केसी पारिख, संदीप गर्ग, अंकुश कलारे, दिलीप कुमार, अमन दुग्गल और राजकुमार सहित अन्य उद्योग प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
