हिमाचल बीजेपी जिला परिषद लिस्ट: भाजपा ने जिला परिषद उम्मीदवारों की पूरी लिस्ट जारी, जानिए आपके वार्ड से कौन मैदान में
शिमला। हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनावों को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी बीच भारतीय जनता पार्टी ने जिला परिषद चुनावों के लिए अपने समर्थित प्रत्याशियों की लंबी सूची जारी कर दी है, जिससे कई क्षेत्रों में मुकाबला दिलचस्प होने की उम्मीद है।
पार्टी द्वारा जारी इस सूची को प्रदेश चुनाव संयोजक विपिन सिंह परमार के नेतृत्व में संगठन स्तर पर गहन मंथन के बाद अंतिम रूप दिया गया। उम्मीदवारों के चयन में संगठन के प्रति निष्ठा, जनसेवा का अनुभव और क्षेत्रीय संतुलन को प्राथमिकता दी गई है।
सबसे पहले बात करें जिला सिरमौर की, तो यहां नौहराधार से हंसराज, ददाहू से संतोष चौहान, राजगढ़ से सुनीता पोज्टा, शिलाई से इंद्र बाला, सतौन से रजनीश चौहान, त्रिलोकपुर से प्रमिला शर्मा और सराहां से बलदेव भंडारी समेत कुल 17 प्रत्याशियों को मैदान में उतारा गया है।
जिला सोलन में दाड़ला से मीनाक्षी ठाकुर, धर्मपुर से कृपाल चंद, टकसाल से पंकज शर्मा, बगलैहड़ से जितेंद्र राणा सहित 17 उम्मीदवारों को मौका दिया गया है, जबकि जिला शिमला में बल्लेयां से भारत भूषण, चमियाणा से कुशल विक्रम सेन और हलोग-धामी से कमलेश शर्मा प्रमुख नामों में शामिल हैं।
जिला मंडी में भगायाड़ से केहर सिंह चौहान, कोटली से हेमलता और लोअर रिवालसर से रोशन लाल को उम्मीदवार बनाया गया है। वहीं कुल्लू में वशिष्ठ से ठाकुर दास, मोहल से निशा ठाकुर और कटाराई से जिंदू ठाकुर को टिकट मिला है।
कांगड़ा जिले में चड़ी से ओम शर्मा, टांडा से विकास चौधरी और झिकली इट्टी से सतीश चौधरी को मैदान में उतारा गया है, जबकि ऊना में मुबारिकपुर से पवनजीत सिंह, हरोली से दिलबाग सिंह और अम्बोटा से रमन ठाकुर को मौका मिला है।
हमीरपुर में बीड़-बरोहा से तृप्ता देवी, जाहू से अजय शर्मा और सपोह से नीलम चौधरी को उम्मीदवार घोषित किया गया है। बिलासपुर में घंडलवी से जमना देवी और जुखाला से लेखराम ठाकुर को टिकट दिया गया है।
चंबा, किन्नौर और लाहौल-स्पीति जैसे जनजातीय क्षेत्रों में भी पार्टी ने संतुलन साधते हुए स्थानीय चेहरों को आगे बढ़ाया है। काजा से टिनले देवचन, पूह से जम्बल दोरजे और भरमौर से लीला शर्मा जैसे नाम सूची में शामिल हैं।
इसके अलावा महासू, नूरपुर, पालमपुर और सुंदरनगर क्षेत्रों में भी भाजपा ने महिला, युवा और अनुभवी चेहरों का मिश्रण रखते हुए उम्मीदवारों को मैदान में उतारा है।
पार्टी का दावा है कि यह सूची संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत करेगी तथा पंचायत स्तर तक विकास को नई गति देगी। अब देखना दिलचस्प होगा कि इन उम्मीदवारों को जनता कितना समर्थन देती है और चुनावी मैदान में कौन बाजी मारता है।
