बेटियों का जलवा!
मोगीनंद स्कूल का 93.3% रिजल्ट, आर्ट्स-Science दोनों में लड़कियों ने किया टॉप!
नाहन (सिरमौर)। विकास खंड नाहन के अंतर्गत आने वाले राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मोगीनंद का 12वीं का कुल परीक्षा परिणाम 93.3 प्रतिशत रहा। इस परीक्षा परिणाम को लेकर विद्यालय प्रशासन और अभिभावकों में खुशी का माहौल देखने को मिल रहा है।
बताया जा रहा है कि विद्यालय के 12 वीं कक्षा के कला और विज्ञान संकाय के कुल 60 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी। इनमें 45 छात्र कला और 15 छात्र विज्ञान संकाय के शामिल रहे। सोमवार, 04 मई को हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा घोषित 12वीं के परीक्षा परिणाम में उक्त विद्यालय के कला संकाय के कुल 45 विद्यार्थियों में से 44 पास हुए, जबकि एक विद्यार्थी फेल हुआ।
वहीं, विज्ञान संकाय के कुल 15 विद्यार्थियों में से 12 पास, एक फेल हुआ, जबकि दो विद्यार्थियों की कम्पार्टमेंट आई है। इस साल के परीक्षा परिणाम में विशेष बात ये रही कि दोनों संकायों में शीर्ष स्थान हासिल करने वाली केवल छात्राएं ही हैं।
इनमें कला संकाय की अंशिका ने 89.2 प्रतिशत अंक लेकर प्रथम स्थान हासिल किया है, वहीं ज्योति 88.6 प्रतिशत अंक लेकर दूसरे स्थान पर रही। 87.4 प्रतिशत अंक हासिल करने वाली तमन्ना तीसरे स्थान पर है। कला संकाय का परिणाम 97.77 प्रतिशत दर्ज किया गया है।
विज्ञान संकाय में प्रथम स्थान पर खुशबू रही। खुशबू ने 78.6 प्रतिशत अंक हासिल किए। द्वितीय स्थान नम्रता ने 75.4 प्रतिशत अंक लेकर हासिल किया। 73.8 प्रतिशत अंक लेकर दीक्षा तीसरे पायदान पर रही। विज्ञान संकाय का परीक्षा परिणाम 80 फीसदी रहा।
विद्यालय की प्रधानाचार्य शिभा खन्ना ने बताया कि इस वर्ष का परीक्षा परिणाम सराहनीय रहा है। आगामी सत्र का परीक्षा परिणाम शत प्रतिशत रहे इसके लिए और कड़ी मेहनत की जाएगी। इस सफलता का सारा श्रेय शिक्षकों और विद्यार्थियों की मेहनत और अभिभावकों के परस्पर सहयोग को जाता है। उन्होंने बताया कि आगामी सत्र में विद्यार्थियों को राज्य स्तर पर मेरिट में लाने के लिए भी विशेष प्रयास किए जाएंगे।
